1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी संसद हिंसा मामले में 35 रिपब्लिकन सांसदों ने आयोग के गठन का किया समर्थन

अमेरिकी संसद हिंसा मामले में 35 रिपब्लिकन सांसदों ने आयोग के गठन का किया समर्थन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 20, 2021 11:14 am IST,  Updated : May 20, 2021 11:14 am IST

अमेरिकी संसद भवन पर छह जनवरी को हुए हमले की जांच के लिए द्विदलीय आयोग का गठन करने के डेमोक्रेट्स के विधेयक का बुधवार को 35 रिपब्लिकन सांसदों ने समर्थन किया। 

अमेरिकी संसद हिंसा मामले में 35 रिपब्लिकन सांसदों ने आयोग के गठन का किया समर्थन- India TV Hindi
अमेरिकी संसद हिंसा मामले में 35 रिपब्लिकन सांसदों ने आयोग के गठन का किया समर्थन Image Source : AP/FILE

वाशिंगटन: अमेरिकी संसद भवन पर छह जनवरी को हुए हमले की जांच के लिए द्विदलीय आयोग का गठन करने के डेमोक्रेट्स के विधेयक का बुधवार को 35 रिपब्लिकन सांसदों ने समर्थन किया। गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में हार स्वीकार नहीं की थी और वह तीन नवम्बर को हुए चुनाव में धोखाधड़ी के दावे कर रहे थे। ट्रंप के इन दावों के बीच, कैपिटल बिल्डिंग (अमेरिकी संसद भवन) में उनके समर्थकों ने छह जनवरी को धावा बोला था और हिंसा की थी। 

न्यूयॉर्क के रिपब्लिकन सांसद जॉन काटको ने कहा, ‘‘मैं अपने सभी रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स को लड़ाई छोड़ कर, एक बार इस विधेयक का समर्थन करने के लिए कहता हूं।’’ काटको ने प्रस्तावित आयोग का समर्थन करते हुए इसे दंगे की सच्चाई समझने के लिए एक उचित एवं आवश्यक कदम बताया। उन्होंने कहा, ‘‘ यह तथ्यों के बारे में हैं, दलगत राजनीति के बारे में नहीं।’’ 

‘हाउस रिपब्लिकन’ के 35 सदस्यों का रुख नरम था, लेकिन इसके 177 सदस्यों ने इस विधेयक का विरोध किया । सांसदों के इस रुख ने पार्टी में मतभेद को उजागर किया। जहां कुछ सांसद कैपिटल पर हुए हमले की जांच का समर्थन करते दिखे, वहीं कुछ पूर्व राष्ट्रपति को नाराज करने से बचते नजर आए, जिनके समर्थन की जरूरत उन्हें 2022 में सदन के चुनाव जीतने के लिए चाहिए होगी। डेमोक्रेटिक बहुल सदन ने इसे 175 के मुकाबले 252 मतों से मंजूरी दे दी और सीनेट के पास भेज दिया, जहां इसे पारित करने के लिए कम से कम 10 रिपब्लिकन को इसके पक्ष में वोट देना होगा।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश