1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: पुलिस ने नकली बंदूक देख युवती को मारी गोली, वीडियो में सामने आई सच्‍चाई

अमेरिका: पुलिस ने नकली बंदूक देख युवती को मारी गोली, वीडियो में सामने आई सच्‍चाई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 13, 2019 12:10 pm IST,  Updated : Jul 13, 2019 12:10 pm IST

अमेरिका में पुलिस की एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां पिछले दिनों बंदूक तानने वाली एक युवती को कैलिफोर्निया पुलिस ने गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया था।

California - India TV Hindi
California 

लॉस एंजिलिस। अमेरिका में पुलिस की एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां पिछले दिनों बंदूक तानने वाली एक युवती को कैलिफोर्निया पुलिस ने गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया था। लेकिन अब एक वीडियो फुटेज सामने आने के बाद अब उल्‍टा पुलिस ही कटघरे में आ गई है। 

कैलिफोर्निया पुलिस ने पिछले हफ्ते जिस 17 वर्षीय किशोरी को मार डाला था, वह वीडियो फुटेज में अधिकारी पर नकली बंदूक ताने दिखाई देती है। यह वीडियो शुक्रवार को जारी हुआ। फुलर्टन पुलिस विभाग ने किशोरी के परिजनों द्वारा उठाए गए सवालों के बाद ग्राफिक वीडियो जारी किया जिसमें पांच जुलाई को गोली मारे जाने के बाद हन्ना विलियम्स नीचे गिरती और सहायता मांगती दिखती है। वीडियो में उसके पास नकली बंदूक पड़ी दिखाई देती है। 

पुलिस ने शुक्रवार को किशोरी के पिता बेंसन विलियम्स की तरफ से की गई आपातकालीन कॉल का ऑडियो भी जारी किया। यह कॉल उन्होंने पुलिस द्वारा अपनी बेटी को गोली मारे जाने के करीब 90 मिनट बाद की। इसमें उन्होंने अपनी बेटी के लापता होने की जानकारी दी। विलियम्स ने कॉल में आशंका जताई कि उनकी बेटी खुद को नुकसान पहुंचा सकती है और वह अवसाद की दवा ले रही है। 

पुलिस ने बताया कि घटना तब हुई जब गोली मारने वाले अधिकारी ने किशोरी को तेज रफ्तार में कार चलाते देखा। अधिकारी ने उसका पीछा किया और उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन लड़की ने रुकने की बजाय अचानक से यू टर्न ले लिया। किशोरी के परिवार ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं और अधिकारियों से स्वतंत्र जांच की मांग की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश