1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ई-मेल सर्वर विवाद में हिलेरी के खिलाफ कोई आरोप नहीं: FBI

ई-मेल सर्वर विवाद में हिलेरी के खिलाफ कोई आरोप नहीं: FBI

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 06, 2016 07:10 am IST,  Updated : Jul 06, 2016 07:10 am IST

हिलेरी क्लिंटन द्वारा अपने एक निजी ई-मेल सर्वर के इस्तेमाल के सिलसिले में जानबूझकर गलत व्यवहार करने का कोई सबूत नहीं मिलने के बाद आज FBI ने उन्हें अभ्यारोपित करने से इनकार कर दिया।

Hillary Clinton- India TV Hindi
Hillary Clinton Image Source : PTI

वॉशिंगटन: अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन द्वारा अपने एक निजी ई-मेल सर्वर के इस्तेमाल के सिलसिले में जानबूझकर गलत व्यवहार करने का कोई सबूत नहीं मिलने के बाद आज FBI ने उन्हें अभ्यारोपित करने से इनकार कर दिया।

FBI का यह बयान डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की संभावित उम्मीदवार हिलेरी के लिए बहुत बड़ी राहत है। हिलेरी ने कहा कि वह इस खबर से काफी खुश हैं। एफबीआई ने सिफारिश की कि हिलेरी के खिलाफ कोई आपराधिक आरोप न लगाया जाए।

बहरहाल, FBI ने अपने निजी ई-मेल खाते से गोपनीय सूचनाएं भेजने को लेकर 68 साल की हिलेरी को बेहद लापरवाह करार दिया है। एफबीआई के बयान के बाद हिलेरी के प्रचार प्रवक्ता ब्रायन फॉलॉन ने कहा, हम खुश हैं कि इस मामले की छानबीन कर रहे अधिकारियों ने पाया है कि (न्याय) विभाग द्वारा आगे की कोई कार्रवाई उचित नहीं होगी....हमें खुशी है कि अब यह मामला सुलझा लिया गया है।

इससे पहले, आज एफबीआई के निदेशक जेम्स कॉमी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि काफी गहन अराजनीतिक जांच के बाद जांच अधिकारियों ने पाया कि हिलेरी की ओर से जानबूझकर गलत व्यवहार करने के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

हालांकि, कॉमी ने यह भी कहा कि गोपनीय सूचना के मामलों से निपटने के बाबत कुछ कानूनों के संभावित उल्लंघन के सबूत हैं, लेकिन हमारा मानना है कि कोई भी तर्कपूर्ण अभियोजक ऐसा मामला नहीं लाएगा। उन्होंने कहा कि किसी को आरोपित करने से पहले कई कारकों पर अभियोजकों द्वारा विचार किया जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश