1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका: टेक्सस में लापता भारतीय मूल की बच्ची के घर के पास मिली डेड बॉडी

अमेरिका: टेक्सस में लापता भारतीय मूल की बच्ची के घर के पास मिली डेड बॉडी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 23, 2017 07:16 pm IST,  Updated : Oct 23, 2017 07:51 pm IST

ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह शव 2 सप्ताह पहले लापता हुई 3 वर्षीय भारतीय बच्ची शेरिन मैथ्यूज का है...

Sherin Mathews and Wesley Mathews | AP Photo- India TV Hindi
Sherin Mathews and Wesley Mathews | AP Photo

वॉशिंगटन: अमेरिका  में पुलिस को एक सड़क के नीचे सुरंग से एक शव मिला है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह शव 2 सप्ताह पहले लापता हुई 3 वर्षीय भारतीय बच्ची शेरिन मैथ्यूज का है। हालांकि पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है कि यह शव शेरिन का ही है। शेरिन 7 अक्टूबर से गायब थी। शेरीन नामक यह बच्ची उस समय लापता हो गई थी जब उसके पिता वेस्ले मैथ्यूज (37) ने कथित तौर पर पूरा दूध नहीं पीने पर उसे सजा के तौर पर देर रात घर से बाहर निकाल दिया था। मैथ्यूज ने शेरिन को बिहार के मदर टेरेसा अनंत सेवा संस्थान से 2 साल पहले गोद लिया था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिचर्डसन पुलिस विभाग और फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन के जांचकर्ताओं ने क्षेत्र में खोजी कुत्तों के माध्यम से रविवार को घंटों तक तलाशी ली और 75 फुट लंबी संकरी पुल के अंदर से शव बरामद किया। खोजी कुत्तों ने सिनी और वेस्ले मैथ्यूज के घर से एक मील के अंदर मौजूद शव को खोज निकाला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस प्रवक्ता केविन पेर्लिच ने रविवार को कहा कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। चिकित्सा परीक्षक को अभी शव को देखकर पहचान करनी है। पेर्लिच ने कहा, ‘यह शेरिन का शव हो सकता है, हालांकि हमारे पास इसके पुख्ता सबूत नहीं हैं। जबतक हमारे पास सकारात्मक पहचान नहीं होगी तबतक हम यह नहीं कह सकते है कि यह शव शेरिन का है।’

पुलिस को जांच के दौरान काफी सबूत मिले और उसकी मदद से आगे बढ़ सकी। पेर्लिच ने कहा, ‘सबूत मिलने के बाद हमने कुत्तों के साथ उस इलाके की जांच की और शव को बरामद किया।’ शेरिन के माता-पिता के अनुसार, शेरिन विकलांगता और कुपोषण का शिकार थी। एक गिरफ्तारी हलफनामे के अनुसार, बच्ची के पिता वेस्ले मैथ्यूज (37) ने पुलिस को बताया कि 7 अक्टूबर की सुबह के 3 बजे दूध नहीं पीने के कारण सजा देने के लिए उन्होंने बच्ची को घर के पास बाड़े के पीछे एक पेड़ के बगल में खड़े रहने का आदेश दिया। 

पेड़ घर से एक गली के पार है। वेस्ले लगभग 15 मिनट बाद बाहर देखने गए तब बच्ची वहां नहीं थी। बच्ची ने लेगिंग्स, एक गुलाबी रंग की लंबी बांह की शर्ट और गुलाबी फ्लिप फ्लॉप पहना हुआ था। उन्होंने अपनी बेटी के गुम होने के बाद 5 घंटों तक पुलिस को जानकारी नहीं दी। वेस्ले मैथ्यूज को बच्ची को खतरे में डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। वह अभी जमानत पर बाहर हैं। सिनी मैथ्यूज ने पुलिस को बताया कि वह उस वक्त नींद में थी इसलिए उन पर आरोप नहीं लगाया गया। बाद में, बाल सुरक्षा सेवाओं ने दंपति के जीवित बच्चों को अपने पास रख लिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश