1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. रूसी तेल को लेकर भारत पर निशाना साधने पर डेमोक्रेट्स से घिरे ट्रंप, कहा-द्विपक्षीय संबंधों को पहुंचा रहे नुकसान

रूसी तेल को लेकर भारत पर निशाना साधने पर डेमोक्रेट्स से घिरे ट्रंप, कहा-द्विपक्षीय संबंधों को पहुंचा रहे नुकसान

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Aug 28, 2025 10:21 pm IST,  Updated : Aug 28, 2025 10:21 pm IST

डेमोक्रेट्स का कहना है कि चीन जैसे बड़े खिलाड़ी को छूट देना और भारत को अलग से निशाना बनाना,न केवल कूटनीतिक असंतुलन पैदा करता है, बल्कि इससे भारत-अमेरिका के बढ़ते रणनीतिक संबंधों को भी खतरा हो सकता है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: रूस से कच्चा तेल खरीदने पर भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने ही देश में घिर गए हैं। उनके इस फैसले के लिए डेमोक्रेट्स ने कड़ी आलोचना की है। अमेरिकी कांग्रेस की विदेश मामलों की समिति के डेमोक्रेट सदस्यों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस नीति की कड़ी आलोचना की है, जिसमें भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए विशेष रूप से निशाना बनाया गया, जबकि चीन जैसे बड़े खरीदारों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

चीन के बजाय भारत पर कार्रवाई क्यों?

डेमोक्रेट सांसदों ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “रूसी तेल की सबसे बड़ी खरीद करने वाले चीन या अन्य देशों पर प्रतिबंध लगाने की बजाय, ट्रंप प्रशासन ने टैरिफ के ज़रिए भारत को निशाना बनाया है, जिससे अमेरिकी उपभोक्ताओं को नुकसान हो रहा है और भारत-अमेरिका संबंधों में भी खटास आ रही है। ऐसा लगता है जैसे यह यूक्रेन के समर्थन का मुद्दा ही नहीं है।”

ट्रंप के कदमों से नीति में पक्षपात: डेमोक्रेट्स

सांसदों ने न्यूयॉर्क टाइम्स के एक लेख का हवाला देते हुए कहा कि यदि ट्रंप प्रशासन रूसी तेल खरीदने वाले सभी देशों पर सेकेंडरी (द्वितीयक) प्रतिबंध लगाने की बात करता, तो नीतिगत संदेश स्पष्ट होता, लेकिन केवल भारत को केंद्र में रखकर कार्रवाई करने से यह नीति “सबसे भ्रामक और पक्षपाती दिख रही है। क्योंकि रूसी ऊर्जा का सबसे बड़ा आयातक चीन बिना किसी दंडात्मक कार्रवाई के अब भी रियायती दामों पर तेल खरीद रहा है।

ट्रंप ने बिगाड़े भारत के साथ रणनीतिक रिश्ते

भारत पर टैरिफ और अतिरिक्त शुल्क का बोझ लगाकर ट्रंप ने भारत के साथ संबंधों को बिगाड़ लिया है। ट्रंप प्रशासन ने भारत पर दोहरा शुल्क लगाया है। 25 प्रतिशत पारस्परिक शुल्क और रूसी तेल की खरीद पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क। इस कदम को लेकर डेमोक्रेट सांसदों का कहना है कि इससे न सिर्फ अमेरिकी उपभोक्ताओं को कीमतों के रूप में नुकसान हो रहा है, बल्कि इससे भारत जैसे रणनीतिक साझेदार के साथ रिश्ते भी बिगड़ रहे हैं।

भारत की आलोचना को लेकर बढ़ते तेवर

डेमोक्रेट सांसदों का तर्क है कि यदि वास्तव में यूक्रेन की रक्षा ही ट्रंप का उद्देश्य है, तो नीति सभी देशों पर समान रूप से लागू होनी चाहिए, न कि केवल भारत पर। डेमोक्रेटिक सदस्यों की इस आलोचना से यह स्पष्ट है कि अमेरिका के भीतर ही भारत को लेकर ट्रंप की रणनीति पर गंभीर असहमति है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश