Trump Putin Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के उनके समकक्ष व्लादिमीर पुतिन ने अलास्का शिखर वार्ता से पहले गर्मजोशी से हाथ मिलाया। यह वार्ता यूक्रेन में युद्ध समेत रूस और अमेरिका के बीच संबंधों को नया आकार दे सकती है। दोनों नेताओं ने ज्वाइंट बेस एल्मेंडोर्फ-रिचर्डसन पर एक-दूसरे का अभिवादन किया, जहां अधिकारियों ने एक विशेष मंच बनाया था, जिस पर एक बड़ा ‘अलास्का 2025’ चिन्ह लगा था।
बैठक में कौन-कौन हैं शामिल
ट्रंप और पुतिन के बीच बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ शामिल हैं। पुतिन के साथ विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। यह बदलाव दर्शाता है कि व्हाइट हाउस 2018 में हेलसिंकी में हुई बैठक की तुलना में अधिक सतर्क रुख अपना रहा है, जब ट्रंप और पुतिन पहली बार अपने दुभाषियों के साथ दो घंटे के लिए निजी तौर पर मिले थे। शिखर सम्मेलन के अंत में पुतिन और ट्रंप के एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।
ट्रंप ने कही है ये बात
अलास्का के लिए उड़ान भरते समय एयर फोर्स वन में फॉक्स न्यूज चैनल के ब्रेट बैयर द्वारा दिए गए साक्षात्कार में, ट्रंप ने कहा था कि वह इस बैठक से युद्ध विराम के साथ ही निकलना चाहेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि वह यूक्रेन में रूस के युद्ध पर दूसरी बैठक चाहते हैं। दोनों देशों के बीच शत्रुता समाप्त होने के बारे में ट्रंप ने कहा, "अगर मुझे यह नहीं मिला तो मैं बहुत खुश नहीं होऊंगा।" उन्होंने कहा था कि हर कोई उनसे कह रहा है कि दूसरी बैठक तक उन्हें युद्ध विराम नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, "तो, देखते हैं क्या होता है। अगर मैं किसी तरह के युद्ध विराम के बिना निकल गया तो मुझे खुशी नहीं होगी।"
यह भी पढ़ें:
बड़बोले ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- 'भारत पर लगे टैरिफ की वजह से बातचीत के लिए तैयार हुआ रूस'