1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. दुनिया में छिड़े युद्धों को खत्म करना है डोनॉल्ड ट्रंप का मुख्य एजेंडा, फिलिस्तीन से कहा-'सबकुछ ठीक हो जाएगा'

दुनिया में छिड़े युद्धों को खत्म करना है डोनॉल्ड ट्रंप का मुख्य एजेंडा, फिलिस्तीन से कहा-'सबकुछ ठीक हो जाएगा'

 Published : Jul 24, 2024 11:21 am IST,  Updated : Jul 24, 2024 11:22 am IST

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने इजरायल-हमास युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने फिलिस्तीन से कहाकि सबकुछ ठीक हो जाएगा। इससे पहले उन्होंने सत्ता में आने पर रूस-यूक्रेन युद्ध के खत्म हो जाने का दावा किया था।

डोनॉल्ड ट्रंप, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति।- India TV Hindi
डोनॉल्ड ट्रंप, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति। Image Source : REUTERS

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव वैसे तो नवंबर में होने हैं, लेकिन लगता है डोनॉल्ड ट्रंप को अभी से अपनी जीत का पूरा भरोसा हो चुका है। इसीलिए पहले उन्होंने यह बयान दिया कि उनके सत्ता में आते ही रूस-यूक्रेन युद्ध बंद हो जाएगा। अब उन्होंने फिलिस्तीन को सबकुछ ठीक हो जाने का भरोसा दिलाया है। इससे यह बात साफ झलकती है कि ट्रंप अपनी जीत को लेकर लगभग आश्वस्त हो गए हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ शुक्रवार को होने वाली बैठक से पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फिलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से कहा कि सबकुछ ठीक हो जाएगा।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर कहा, ''बेंजामिन नेतन्याहू के साथ शुक्रवार को होने वाली मुलाकाात का बेसब्री से इंतजार है और मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने के लिए और भी अधिक तत्पर हूं!'' इसके साथ ही उन्होंने अब्बास द्वारा उन्हें लिखा गया एक पत्र भी संलग्न किया। फलस्तीन के राष्ट्रपति ने ट्रंप पर चुनावी रैली के दौरान 13 जुलाई को हुए हमले के एक दिन बाद यह पत्र लिखा था। राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने 14 जुलाई को ट्रंप को लिखे पत्र में कहा, '' आप पर हुए हमले की खबर सुनकर मुझे बहुत चिंता हो रही है। मैंने इसका वीडियो भी देखा।'' डोनाल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर अब्बास के पत्र के जवाब में अपने हाथ से लिखे गए पत्र की तस्वीर साझा करते हुए कहा, ''महमूद, शुक्रिया। सब ठीक हो जाएगा।''

नेतन्याहू से मिलेंगे डोनॉल्ड ट्रंप

ट्रंप ने इससे पहले दिन में कहा था कि वह शुक्रवार को फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित मार-ए-लागो में नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा, ''मेरे पहले कार्यकाल के दौरान हमने क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम की थी, यहां तक ​​कि ऐतिहासिक अब्राहम समझौते पर भी हस्ताक्षर किए थे और हम पुन: शांति कायम करेंगे। जैसा कि मैंने हाल के सप्ताहों में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अन्य विश्व नेताओं के साथ की गई चर्चा में कहा है कि मेरा शक्ति के माध्यम से शांति का एजेंडा दुनिया को दिखाएगा कि इन भयानक घातक युद्धों और हिंसक संघर्षों को समाप्त किया जाना चाहिए। लाखों लोग मर रहे हैं और कमला हैरिस किसी भी तरह से इसे रोकने में सक्षम नहीं हैं। (भाषा)

यह भी पढ़ें

बाइडेन के चुनावी दौड़ से हटने के बाद अमेरिका में नए सर्वे ने चौंकाया, जानें ट्रंप और कमला हैरिस में कौन है कितना आगे?


उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति के कार्यालय पर गिराए कचरे से भरे बैलून, दोनों देशों में तनाव बढ़ा
 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश