1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में किया शामिल

अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के गैंगस्टर पर बड़ा एक्शन, FBI ने मोस्ट वांटेड लिस्ट में किया शामिल

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 15, 2026 09:22 am IST,  Updated : Jul 15, 2026 09:25 am IST

जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल पर अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने बड़ा एक्शन लिया है और उसे अपनी Most Wanted List में शामिल कर लिया है।

FBI Most Wanted- India TV Hindi
FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ नीतीश कौशल। Image Source : REPORTERS INPUT/AP

अमेरिकी एजेंसियों ने गैंगस्टर्स पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दरअसल, FBI ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े गैंगस्टर नीतीश कौशल को अपनी Most Wanted List में शामिल कर लिया है। जान लें कि नीतीश कौशल पर अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य होने का आरोप है।

हत्या और ड्रग तस्करी के मामलों में आरोपी है गैंगस्टर

FBI के अनुसार, गैंगस्टर नीतीश कौशल सिंडिकेट हत्या, अपहरण, ड्रग तस्करी, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी जैसी वारदातों में शामिल रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, जग्गू भगवानपुरिया गैंग के ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप की शुरुआत पंजाब से हुई और इसका नेटवर्क अमेरिका के कैलिफोर्निया समेत कई देशों तक फैला हुआ है।

गैंगस्टर के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट भी हो चुका है जारी

आरोप है कि नीतीश कौशल ने जग्गू भगवानपुरिया गैंग के लिए अपहरण, हमला और अन्य हिंसक वारदातों को अंजाम दिया है। 25 जून, 2026 को अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने नीतीश कौशल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर Racketeer Influenced and Corrupt Organizations Conspiracy के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत गैंगस्टर्स पर बड़ा एक्शन

इससे पहले, FBI के Operation Hard Ball के तहत अमेरिका, कनाडा और यूरोप में जग्गू भगवानपुरिया गैंग के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी और कार्रवाई की गई थी। अमेरिकी एजेंसियां अब जग्गू भगवानपुरिया गैंग के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रही हैं।

ऑपरेशन हार्ड बॉल क्या है?

गौरतलब है कि FBI ने इंटरनेशनल क्राइम सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे अपने अभियान को  'Operation Hard ball' नाम दिया है। इसके तहत, FBI और उसके एजेंट्स ने अमेरिका, कनाडा और यूरोप में करीब 50 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान, भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान सीज किया गया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में ड्रग भी बरामद की गई। ऑपरेशन हार्ड बॉल में लारेंस बिश्नोई गैंग, गोल्डी बराड़ और जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े नेटवर्क को FBI टारगेट कर रही है।

जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर ड्रग तस्करी समेत कई बड़े आरोप

इससे पहले, अमेरिका की ग्रैंड ज्यूरी ने अमेरिका, कनाडा, मेक्सिको और भारत तक फैले कथित अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया और जग्गू भगवानपुरिया समेत उसके कई साथियों पर गंभीर आरोप लगाए। चार्जशीट में ड्रग तस्करी, अवैध हथियारों के कारोबार, रंगदारी और हत्या की साजिश के आरोप का भी जिक्र है। अमेरिका से कनाडा-मेक्सिको तक फैले जग्गू भगवानपुरिया गैंग के ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा भी हो चुका है।

ये भी पढ़ें- सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे पर फायरिंग, जग्गू भगवानपुरिया ने दी जान से मारने की धमकी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश