1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. "भारत के साथ ट्रेड डील जारी रहेगी, कोई बदलाव नहीं", टैरिफ पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बोले ट्रंप

"भारत के साथ ट्रेड डील जारी रहेगी, कोई बदलाव नहीं", टैरिफ पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बोले ट्रंप

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Feb 21, 2026 06:46 am IST,  Updated : Feb 21, 2026 09:02 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत के साथ ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं होगा। इंडिया यूएस ट्रेड डील जारी रहेगी। ट्रंप ने टैरिफ पर अमेरिका की शीर्ष अदालत के फैसले के बाद यह बात कही।

donald trump- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप Image Source : PTI

न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन: टैरिफ पर अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ ट्रेड डील में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने जोर दिया कि भारत के साथ ट्रेड डील जारी है। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ पर ट्रंप के फैसले को अवैध ठहरा दिया है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर यह बयान दिया है।

भारत के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे 

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के ट्रंप द्वारा विभिन्न देशों पर लगाए गए बढ़े हुए टैरिफ को रद्द करने के फैसले के कुछ घंटों बाद व्हाइट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि भारत के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं और हम भारत के साथ ट्रेड कर रहे हैं। भारत पहले रूस से तेल खऱीद रहा था। लेकिन अब वह ऐसा नहीं कर रहा है। क्योंकि हम उस भयानक युद्ध (रूस-यूक्रेन) को खत्म करना चाहते हैं जिसमें हर महीने 25,000 लोग मर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके रिश्ते "मैं कहूंगा, बहुत अच्छे हैं।"

ट्रंप ने आगे कहा कि दोनों देशों के बीच युद्ध रुकवाने का काम उन्होंने मुख्य रूप से टैरिफ के जरिए किया। "मैंने कहा, देखो, तुम लड़ना चाहते हो तो ठीक है, लेकिन तुम अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाओगे और दोनों देशों को 200 प्रतिशत टैरिफ देना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने फोन किया और कहा कि हमने आपस में शांति बना ली है।"

"कुछ नहीं बदलेगा, वे टैरिफ देंगे"

डोनाल्ड ट्रंप से भारत के साथ डील के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने कहा, "कुछ नहीं बदलेगा, वे टैरिफ देंगे, और हम टैरिफ नहीं देंगे। भारत के साथ डील यह है कि वे टैरिफ दें। यह पहले जैसा नहीं है, जैसा कि आप जानते हैं, भारत और मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी एक महान सज्जन हैं, असल में एक महान आदमी हैं, लेकिन वे अमेरिका के मामले में उन लोगों से कहीं ज़्यादा स्मार्ट थे जिनके वे खिलाफ थे, वे हमें लूट रहे थे। इसलिए हमने भारत के साथ डील की। ​​अब यह एक सही डील है, और हम उन्हें टैरिफ नहीं दे रहे हैं, और वे टैरिफ दे रहे हैं। भारत डील शुरू हो गई है। हम बस इसे अलग तरीके से करने जा रहे हैं।"

इससे पहले अमेरिका और भारत ने ट्रेड डील को लेकर एक फ्रेमवर्क का ऐलान किया था। इस संबंध में ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी कर भारत द्वारा रूस से तेल खऱीदने पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को हटा दिया था। ट्रेड डील के तहत, वॉशिंगटन नई दिल्ली पर कम रेसिप्रोकल टैरिफ लगाएगा, जो 25 परसेंट से घटकर 18 परसेंट हो जाएगा।

Donald trump
Image Source : TRUTH SOCIALट्रूथ सोशल पर ट्रंप का पोस्ट

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लगाया 10 फीसदी टैरिफ

वहीं सुप्रीम कोर्ट द्वारा टैरिफ को अवैध घोषित किए जाने के कुछ घंटों के भीतर ट्रंप ने ओवल ऑफिस से एक नए कार्यकारी आदेश पर साइन किया है। इस आदेश के तहत दुनिया के सभी देशों से होनेवाले आयात पर 10 प्रतिशत का टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, "मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि मैंने ओवल ऑफिस से सभी देशों पर 10 प्रतिशत टैरिफ पर साइन कर दिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश