1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप ने फिर से अलापा सीजफायर का राग, भारत-पाकिस्तान विवाद को लेकर दिया बड़ा बयान

ट्रंप ने फिर से अलापा सीजफायर का राग, भारत-पाकिस्तान विवाद को लेकर दिया बड़ा बयान

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 31, 2025 06:16 am IST,  Updated : May 31, 2025 11:46 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर से सीजफायर करवाने की बात कही है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका।"

भारत पाकिस्तान विवाद पर बोले डोनाल्ड ट्रंप।- India TV Hindi
भारत पाकिस्तान विवाद पर बोले डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत द्वारा तमाम आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के बाद भारत और पाकिस्तान ने आपसी सहमति से युद्धविराम पर सहमति बना ली है। हालांकि इसके बावजूद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सीजफायर का क्रेडिट खुद लेने को आतुर हैं। एक बार फिर से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर करवाने की बात कही है। ट्रंप ने अरबपति कारोबारी एवं टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के साथ ओवल ऑफिस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा, "हमने भारत और पाकिस्तान को लड़ने से रोका। मेरा मानना ​​है कि यह परमाणु आपदा में बदल सकता था और मैं भारत और पाकिस्तान के नेताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं अपने लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं।" 

व्यापार को लेकर क्या बोले ट्रंप?

वहीं भारत और पाकिस्तान के साथ व्यापार को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, "हम व्यापार की बात करते हैं और हम कहते हैं कि हम उन लोगों के साथ व्यापार नहीं कर सकते जो एक-दूसरे पर गोली चला रहे हैं और संभावित रूप से परमाणु हथियारों का उपयोग कर रहे हैं। वे उन देशों के महान नेता हैं और उन्होंने समझा और वे सहमत हुए और यह सब बंद हो गया। हम दूसरों को लड़ने से रोक रहे हैं। हमारे पास दुनिया की सबसे महान सेना है। हमारे पास दुनिया के सबसे महान नेता हैं।"

'भारत-पाकिस्तान के साथ काम करने में गर्व'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बयान में कहा, "मुझे लगता है कि जिस सौदे पर मुझे सबसे ज्यादा गर्व है, वह यह है कि हम भारत के साथ काम कर रहे हैं, हम पाकिस्तान के साथ काम कर रहे हैं। हम गोलियों के बजाय व्यापार के जरिए संभावित परमाणु युद्ध को रोकने में सक्षम थे। आप जानते हैं, आम तौर पर वे गोलियों के जरिए ऐसा करते हैं, हम व्यापार के जरिए ऐसा करते हैं, इसलिए मुझे इस पर बहुत गर्व है। कोई भी इसके बारे में बात नहीं करता, लेकिन पाकिस्तान और भारत के बीच एक बहुत ही खतरनाक संभावित युद्ध चल रहा था। और अब वे ठीक चल रहे हैं।"

'भारत के साथ समझौता करने के बेहद करीब'

ट्रंप ने आगे कहा, "पाकिस्तान के प्रतिनिधि अगले सप्ताह आ रहे हैं। हम भारत के साथ समझौता करने के बहुत करीब हैं। अगर वे एक-दूसरे के साथ युद्ध करने जा रहे हैं तो मुझे किसी के साथ समझौता करने में कोई दिलचस्पी नहीं होगी।"

भारत ने लॉन्च किया ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर 06-07 मई की रात एयरस्ट्राइक की थी। भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर स्ट्राइक की। इसमें कई आतंकवादी भी मारे गए। भारत ने इस स्ट्राइक को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद का एक्शन बताया। इसके साथ ही भारत ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तान के किसी भी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और न ही किसी आम नागरिक को इससे क्षति पहुंची है। इसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। चार दिनों तक सीमा के दोनों तरफ से ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद, भारत और पाकिस्तान ने 10 मई को संघर्ष रोकने पर सहमति जताई थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश