Donald Trump Attack On NATO: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान कर दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट अब सभी के लिए खुल गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब ईरान अमेरिकी सेना के साथ मिलकर होर्मुज में बिछी माइन्स को भी निकाल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर कभी बंद ना करने पर सहमत हो गया है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "अब इसका इस्तेमाल दुनिया के खिलाफ एक हथियार के तौर पर नहीं किया जाएगा!"
नाटो पर भड़के ट्रंप
इसके साथ ही ट्रंप ने नाटो को आड़े हाथों लिया है। नाटो पर हमला बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति समाप्त होने के बाद, मुझे नाटो से एक कॉल आया जिसमें पूछा गया कि क्या हमें किसी सहायता की जरूरत है। मैंने उनसे कहा कि वो दूर रहें जब तक कि वो केवल अपने जहाजों में तेल भरना ना चाहें। जरूरत पड़ने पर वो बेकार साबित हुए, एक कागजी शेर!'
फ्रांस और ब्रिटेन ने क्या कहा?
इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की घोषणा का स्वागत किया है। दोनों नेताओं ने कहा कि इसे स्थायी रूप से सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने समुद्री सुरक्षा को बहाल करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मिशन की योजना तैयार करने पर काम शुरू करने की बात कही है।
खुल गया होर्मुज स्ट्रेट
ईरान ने शुक्रवार को स्पष्ट रूप से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए पूरी तरह से खुला है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने यह घोषणा ऐसे समय में की जब एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान और इजरायल के बीच 10 दिन के युद्धविराम की घोषणा की थी।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तान में लश्कर के आतंकी आमिर हमजा पर हुआ हमला तो तड़प उठा हाफिज सईद का बेटा, जानें क्या किया
ईरान जंग की वजह पैदा हुआ ऊर्जा संकट, तमाम देश खोज रहे विकल्प; जानिए चल क्या रहा है