1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. "ट्रंप ने भारत पर लगाए 50% टैरिफ का किया बचाव, दोनों देशों के बीच रिश्तों को बताया 'एकतरफा'

"ट्रंप ने भारत पर लगाए 50% टैरिफ का किया बचाव, दोनों देशों के बीच रिश्तों को बताया 'एकतरफा'

 Published : Sep 03, 2025 07:32 am IST,  Updated : Sep 03, 2025 09:18 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए 50 फीसद टैरिफ को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि भारत हमसे सबसे ज्यादा टैरिफ वसूलता है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

वॉशिंगटन डीसी [अमेरिका]: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय आयात पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ को सही ठहराया है। उन्होंने भारत पर लगाए इस टैरिफ का अपने रुख का दृढ़ता से बचाव किया। ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंध दशकों तक "पूरी तरह एकतरफा" रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहाकि "भारत और अमेरिका के बीच संबंध बहुत अच्छे हैं।"

भारत के साथ हम बहुत अच्छे से मिलते हैंः ट्रंप

व्हाइट हाउस में भारत पर टैरिफ को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब में ट्रंप ने कहा, "हम भारत के साथ बहुत अच्छी तरह से मिलते हैं, लेकिन भारत के साथ हमारा रिश्ता कई वर्षों तक एकतरफा रहा... भारत हमसे भारी टैरिफ वसूलता था, दुनिया में सबसे ज्यादा... और हम मूर्खतापूर्ण तरीके से उनसे कुछ भी चार्ज नहीं करते थे... तो वे हर चीज़ जो बनाते थे, उसे हमारे देश में भेज देते थे... लेकिन हम कुछ नहीं भेज सकते थे, क्योंकि वे हमसे 100 प्रतिशत तक टैरिफ लेते थे।"

हार्ले डेविडसन का  दिया उदाहरण

ट्रंप ने अमेरिकी मोटरसाइकिल कंपनी हार्ले डेविडसन का उदाहरण देते हुए कहा, "हार्ले डेविडसन भारत में बेच नहीं सकती थी, क्योंकि मोटरसाइकिलों पर 200 प्रतिशत टैरिफ था... फिर हार्ले डेविडसन ने भारत में एक प्लांट लगाया, अब उन्हें टैरिफ नहीं देना पड़ता।"

दूसरे देशों की कंपनियां अमेरिका आ रही हैं

उन्होंने यह भी कहा कि चीन, मैक्सिको और कनाडा जैसी जगहों की हज़ारों कंपनियां अब अमेरिका में निर्माण करना चाहती हैं। ताकि वे टैरिफ से बच सकें और अमेरिका की रक्षा नीतियों का लाभ उठा सकें। अब हजारों कंपनियां अमेरिका में आ रही हैं... खासकर कार कंपनियां। वे यहां इसलिए बनाना चाहती हैं क्योंकि, एक तो उन्हें यहां रहना पसंद है और दूसरा, टैरिफ उन्हें सुरक्षा दे रहा है। तीसरा, वे टैरिफ से बचना चाहते हैं। क्योंकि जब वे कारें यहीं बनाते हैं, तो कोई टैरिफ नहीं लगता।"

Truth Social पर भी जताया गुस्सा

ट्रंप ने पहले Truth Social पर एक पोस्ट में कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच का व्यापारिक रिश्ता "एकतरफा आपदा" रहा है। "भारत ने हमसे इतने ज्यादा टैरिफ वसूले हैं...दुनिया में सबसे ज्यादा कि हमारी कंपनियां भारत में बेच ही नहीं सकतीं... हम भारत के लिए बहुत कम व्यापार करते हैं, लेकिन वे हमारे साथ भारी मात्रा में व्यापार करते हैं... हम उनके सबसे बड़े ग्राहक हैं, लेकिन वे हमारे ग्राहक नहीं हैं। यह पूरी तरह एकतरफा आपदा रही है। साथ ही, भारत अपनी अधिकांश तेल और सैन्य ज़रूरतें रूस से पूरी करता है, अमेरिका से बहुत कम।

ट्रंप का अजीब दावा-भारत ने टैरिफ शून्य करने की पेशकश की

ट्रंप ने अजीब दावा करते हुए कहा कि अब उन्होंने (भारत ने) टैरिफ शून्य करने की पेशकश की है, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है। उन्हें ये सालों पहले करना चाहिए था। ये कुछ साधारण तथ्य हैं जिन पर लोगों को सोचने की ज़रूरत है।"(एएनआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश