1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. वेनेजुएला को 'चलाने' की बात से पीछे हटा अमेरिका, ट्रंप की घोषणा के बाद विदेश मंत्री रूबियो ने दी सफाई

वेनेजुएला को 'चलाने' की बात से पीछे हटा अमेरिका, ट्रंप की घोषणा के बाद विदेश मंत्री रूबियो ने दी सफाई

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 05, 2026 07:13 am IST,  Updated : Jan 05, 2026 07:23 am IST

वेनेजुएला संभालने के ट्रंप के बयान पर मार्को रूबियो ने सफाई दी है। रूबियो ने कहा कि ट्रंप के शब्दों का अर्थ सीधा शासन करना नहीं, बल्कि दबाव की शक्ति का उपयोग करना है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : PTI

अमेरिका और वेनेजुएला के बीच चल रहा तनाव एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि संयुक्त राज्य अमेरिका फिलहाल वेनेजुएला का शासन संभालेगा। यह बयान अमेरिकी सेना के 'ऑपरेशन एब्सोल्यूट रिजॉल्व' के तहत वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोर्स की गिरफ्तारी के बाद आया।

अमेरिकी विशेष बलों ने काराकास में एक सैन्य ठिकाने पर आधी रात को छापेमारी कर निकोलस मदुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया। उन्हें तुरंत विमान से अमेरिका ले जाया गया, जहां उन पर नार्को-टेररिज्म की साजिश रचने के आरोप हैं। वहीं, वेनेजुएला सरकार ने इस कार्रवाई को साम्राज्यवादी हमला करार दिया है।

फ्लोरिडा में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "हम तब तक वेनेजुएला को चलाएंगे जब तक कि हम एक सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण सत्ता हस्तांतरण न कर लें। हम इसे वापस पटरी पर लाएंगे। ट्रंप के इस बयान से वैश्विक राजनीति में हलचल मच गई है कि क्या अमेरिका सीधे तौर पर किसी दूसरे देश पर शासन करने जा रहा है।

मार्को रूबियो ने दी सफाई

ट्रंप के "देश चलाने" वाले बयान पर मची हलचल के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का बयान सामने आया है। उन्होंने इसे लेकर कई टीवी कार्यक्रमों में स्पष्टीकरण दिया। रूबियो ने 'फेस द नेशन' कार्यक्रम में कहा कि ट्रंप के शब्दों का अर्थ सीधा शासन करना नहीं, बल्कि दबाव की शक्ति का उपयोग करना है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका का संविधान राष्ट्रपति को यह ताकत देता है कि वह देश के खिलाफ किसी भी तात्कालिक और गंभीर खतरे पर कार्रवाई कर सके। रुबियो के मुताबिक, मौजूदा कदम वेनेजुएला सरकार पर दबाव बनाने के लिए हैं, उस देश पर शासन करने के उनका कोई विचार नहीं है।

रूबियो के मुताबिक, अमेरिका वेनेजुएला के तेल टैंकरों पर लगाया गया "क्वारंटीन" जारी रखेगा। रूबियो ने कहा कि जब तक वेनेजुएला में नशीली दवाओं की तस्करी बंद नहीं होती और तेल उद्योग में सुधार नहीं होता, तब तक दबाव बना रहेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका का मुख्य लक्ष्य अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना और वेनेजुएला के लोगों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करना है।

क्या होगी आगे की रणनीति?

मार्को रूबियो ने वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति से पूरी तरह इंकार नहीं किया है, लेकिन उन्होंने कहा कि वर्तमान "फोर्स पोश्चर" ड्रग्स की तस्करी और प्रतिबंधित टैंकरों को रोकने के लिए पर्याप्त है। अमेरिका अब वेनेजुएला के वर्तमान नेतृत्व के व्यवहार के आधार पर अपने अगले कदमों का आकलन करेगा।

ये भी पढ़ें-

ट्रंप ने अब वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति को दी धमकी, बोले- 'अगर सही काम नहीं किया तो...'

वेनेजुएला में बवाल के बीच ट्रंप और उनकी पत्नी ने एलन मस्क के साथ किया डिनर, सामने आई तस्वीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश