1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. याह्या सिनवार की मौत पर राष्ट्रपति बाइडेन का रिएक्शन, बोले 'इजरायल, अमेरिका और दुनिया के लिए अच्छा दिन'

याह्या सिनवार की मौत पर राष्ट्रपति बाइडेन का रिएक्शन, बोले 'इजरायल, अमेरिका और दुनिया के लिए अच्छा दिन'

 Published : Oct 18, 2024 06:25 am IST,  Updated : Oct 18, 2024 09:10 am IST

इजरायल की सेना ने हमास के चीफ याह्या सिनवार को मार गिराया है। याह्या सिनवार की मौत पर अमेरिका की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि सिनवार का मारा जाना इजरायल और दुनिया के लिए अच्छा दिन है।

 Joe Biden- India TV Hindi
Joe Biden Image Source : FILE AP

Yahya Sinwar Eliminated: इजरायल ने हमास के चीफ याह्या सिनवार को मार गिराया है। सिनवार जुलाई में मारे गए हमास के पॉलिटिकल हेड इस्माइल हानिया के बाद हमास का नया लीडर बना था। सिनवार की मौत के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन का रिएक्शन भी सामने आया है। जो बाइडेन ने कहा है कि इजरायली सैनिकों के हमले में हमास नेता याह्या सिनवार का मारा जाना इजरायल, अमेरिका और दुनिया के लिए एक अच्छा दिन है। बाइडेन ने कहा कि सिनवार की मौत हमास के लिए बंधक बनाए गए इजरायली बंधकों को मुक्त करने और गाजा में साल भर से जारी युद्ध को समाप्त करने का मौका है। 

'आतंकवादी न्याय से बच नहीं सकता'

जो बाइडेन ने कहा कि सात अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हमले के मास्टरमाइंड की मौत एक बार फिर साबित करती है कि दुनिया में कहीं भी कोई भी आतंकवादी न्याय से बच नहीं सकता चाहे इसमें कितना भी समय क्यों ना लगे। बाइडेन ने कहा कि वह इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत अन्य इजरायली नेताओं से बात करेंगे और उन्हें बधाई देंगे। बाइडेन ने यह भी कहा कि बंधकों को उनके परिवारों के पास वापस लाने और इस युद्ध को हमेशा के लिए समाप्त करने के तरीके पर भी चर्चा करेंगे। बाइडेन ने इस घटना की तुलना अल-कायदा के आतंकी ओसामा बिन लादेन की हत्या के बाद अमेरिका में महसूस की गई भावना से की। लादेन 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका में किए गए हमले का आरोपी था। 

कमला हैरिस ने क्या कहा

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार कमला हैरिस ने भी सिनवार की मौत को गाजा में युद्ध को समाप्त करने के लिए अवसर बताया। विस्कॉन्सिन कॉलेज परिसर में चुनाव प्रचार के दौरान कमला हैरिस ने कहा कि युद्ध कुछ इस तरह समाप्त होना चाहिए कि इजरायल और वहां के नागरिक सुरक्षित रहें, बंधकों को रिहा किया जाए, गाजा में पीड़ा समाप्त हो और फलस्तीनी लोग सम्मान, सुरक्षा, स्वतंत्रता के अपने अधिकार को महसूस कर सकें। उन्होंने कहा, “अब नए दिन की शुरुआत करने का समय आ गया है।” 

यह भी पढ़ें:

याह्या सिनवार की मौत पर नेतन्याहू का बड़ा बयान, कहा- 'इजरायल ने 7 अक्टूबर का हिसाब बराबर किया'

हमास प्रमुख याह्या सिनवार के IDF हमले में मारे जाने के दावे के बाद तस्वीरें वायरल, जानें कौन है खालिद मशाल जो सकता है अगला चीफ?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश