1. Hindi News
  2. बिहार
  3. NEET परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर ठगी करने वाले चार शातिर हुए गिरफ्तार, टेलीग्राम पर फर्जी पेपर का झांसा देकर लाखों की ठगी

NEET परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर ठगी करने वाले चार शातिर हुए गिरफ्तार, टेलीग्राम पर फर्जी पेपर का झांसा देकर लाखों की ठगी

 Published : Jun 14, 2026 04:09 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 08:50 pm IST

मुजफ्फरपुर में NEET परीक्षा का फर्जी प्रश्न पत्र बेचकर ठगी करने वाले टेलीग्राम गिरोह को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह टेलीग्राम के माध्यम से नीट के विद्यार्थियों और उनके माता-पिता को निशाना बनाते थे।

फ़र्ज़ी पेपर स्कैम- India TV Hindi
फ़र्ज़ी पेपर स्कैम Image Source : INDIA TV

NEET परीक्षा को लेकर मचे देशव्यापी शोर के बीच बिहार की मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बहुत बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने टेलीग्राम के माध्यम से नीट परीक्षा का फर्जी प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का झांसा देकर छात्रों और अभिभावकों से लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के 4 और सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे सिंडिकेट में अब तक कुल 5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

चॉकलेट फैक्ट्री के पास किराए के मकान से चल रहा था खेल

यह पूरा खेल सिकंदरपुर थाना क्षेत्र से संचालित हो रहा था। बीते 2 मई 2026 को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि बालूघाट वार्ड नंबर-17 स्थित चॉकलेट फैक्ट्री के पास एक किराए के मकान में कुछ लोग फर्जी प्रश्न पत्र तैयार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर जब पुलिस ने छापेमारी की, तो मौके से मुख्य आरोपी मनीष झा को गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त उसके पास से 4 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप बरामद हुआ था। इस मामले के बाद एफआईआर दर्ज कर उसे सिकंदरपुर थाने में भेज दिया गया।

शातिरों को पकड़ने के लिए बनी एसआईटी

मामले की गंभीरता और नीट परीक्षा से जुड़े संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक  मुजफ्फरपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम(एसआईटी) का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक कर रहे थे, जिसमें जिला आसूचना इकाई और सिकंदरपुर पुलिस की टीम भी शामिल थी। तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर इस टीम ने लगातार तफ्तीश जारी रखी और गिरोह के 4 और शातिरों को दबोच लिया। इस मामले में अब तक 5 शातिरों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

टेलीग्राम पर फंसाते थे जाल, स्कैनर से लेते थे पैसे

पुलिस पूछताछ और आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान से जो खुलासा हुआ है, वो बेहद चौंकाने वाला है। ये आरोपी टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से नीट परीक्षार्थियों और उनके माता-पिता को निशाना बनाते थे। उन्हें यह झांसा दिया जाता था कि उनके पास नीट का असली प्रश्न पत्र उपलब्ध है। भरोसा जीतने के बाद, वे ऑनलाइन स्कैनर या सीधे बैंक खातों के जरिए पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। ठगी की गई यह पूरी रकम पहले गिरफ्तार हो चुके सरगना मनीष झा तक पहुंचाई जाती थी।

पूरे गिरोह को किया गया गिरफ्तार

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नीट परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र तैयार करने वाले गिरोह का मुख्य अभियुक्त मनीष झा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गे गया था। इसी क्रम में एसआईटी का जांच लगातार जारी था। जांच के क्रम में चार अन्य अभियुक्तों को भी पकड़ लिया गया  है। पकड़े गए शातिरों में हर्ष (थाना - नगर), अमन कुमार (थाना - नगर), कन्हैया कुमार उर्फ मानव (थाना - नगर) और हर्ष कनोडिया (थाना - सिकंदरपुर) शामिल हैं। इनके विरुद्ध जो भी साक्ष्य आए हैं उनकी जांच कर रहे हैं।

(मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

12 साल छोटे युवक पर आया 3 बच्चों की मां का दिल, खुला राज तो पति ने मंदिर में करा दी शादी

'अब तेहरान परमाणु हथियार नहीं चाहता, आज खत्म होगी जंग', ट्रंप का बड़ा दावा, US-ईरान डील पर लगेगी मुहर, खुलेगा होर्मुज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।