1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: सम्राट कैबिनेट में 13 एजेंडों पर लगी मुहर, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से इलाज के लिए सालाना आय सीमा बढ़ी

बिहार: सम्राट कैबिनेट में 13 एजेंडों पर लगी मुहर, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से इलाज के लिए सालाना आय सीमा बढ़ी

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Jun 03, 2026 09:01 pm IST,  Updated : Jun 03, 2026 09:17 pm IST

बिहार में सम्राट कैबिनेट में 13 एजेंडों पर मुहर लग गई है, जिसकी डिटेल्स सामने आ गई हैं। इसमें जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए कई फैसले किए गए हैं।

Samrat Choudhary- India TV Hindi
सम्राट चौधरी Image Source : SAMRAT CHOUDHARY/X

पटना: बिहार से एक बड़ी खबर सामने आई है। सम्राट कैबिनेट में 13 एजेंडों पर मुहर लगी है। चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ा ऐलान किया गया है।

मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से मरीजों के इलाज के लिए वार्षिक आय सीमा को ढाई लाख रुपए से बढ़ाकर 4,00,000 किया गया है।

इसके अलावा कैमूर में 7 एकड़ जमीन पर डेयरी की स्थापना होगी। वहीं बिजली कंपनी में द्विस्तरीय उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम गठित करने के लिए दो अभियंता एवं दो विद्युत अधीक्षण अभियंता का पद सृजित किया गया है।

मधुबनी के राजनगर में एक प्राइवेट कंपनी लीप एग्री लॉजिस्टिक्स की स्थापना होगी

मधुबनी के राजनगर में एक प्राइवेट कंपनी लीप एग्री लॉजिस्टिक्स की स्थापना की स्वीकृति दी गई है, जिसमें 83 करोड़ 25 लाख रुपए का निजी पूंजी निवेश होगा, जिससे 109 लोगों के प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा।

इसके अलावा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नबीनगर की स्थापना, पांच व्यवसायों में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 38 पदों के सृजन की स्वीकृति भी दी गई है। 

दरभंगा एम्स के लिए चयनित जमीन में नजदीकी नदियों की उडाही से निकले गाद का उपयोग किया जायेगा। उसी से दरभंगा एम्स में मिट्टी भराई एवं समतलीकरण का कार्य किया जायेगा।

विकास कार्यों को लेकर ताबड़तोड़ फैसले

गौरतलब है कि सीएम सम्राट चौधरी जब से राज्य के सीएम बने हैं, तब से विकास कार्यों को लेकर ताबड़तोड़ फैसले लिए जा रहे हैं। हालही में एक्स पर पोस्ट करके सीएम सम्राट ने बताया था, "बिहार के विकास को नई रफ्तार देने वाला ऐतिहासिक निर्णय! पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा खगड़िया-पूर्णिया खंड (NH-31 एवं NH-231) को 4-लेन मानक में उन्नत करने की ₹3,936 करोड़ से अधिक की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से सीमांचल एवं कोसी क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, आवागमन सुगम बनेगा, व्यापार एवं लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। इस विशेष सौगात के लिए बिहारवासियों की ओर से हार्दिक आभार-धन्यवाद।"

इससे पहले एक्स पर पोस्ट करके उन्होंने बताया था, "लोकसेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में आयोजित उद्योग विभाग की समीक्षात्मक बैठक में बिहार को औद्योगिक विकास एवं निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर चर्चा की। हमारा लक्ष्य है कि उद्योग, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में बिहार नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।