1. Hindi News
  2. बिहार
  3. अनंत सिंह को जेल में क्या खाना दिया गया? बेऊर जेल से सामने आई जानकारी

अनंत सिंह को जेल में क्या खाना दिया गया? बेऊर जेल से सामने आई जानकारी

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Subhash Kumar
 Published : Nov 03, 2025 02:24 pm IST,  Updated : Nov 03, 2025 02:25 pm IST

बिहार की मोकामा सीट से जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों को जन सुराज पार्टी समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को बेऊर जेल के विशेष सुरक्षा वार्ड में रखा गया है।

anant singh jail mokama- India TV Hindi
अनंत सिंह को लेकर आया बड़ा अपडेट। Image Source : PTI/ANI

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच मोकामा सीट चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल ही में इस क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या हो गई थी। इस मामले में पूर्व विधायक और मोकामा सीट से जनता दल (यूनाइटेड)-जद (यू) उम्मीदवार अनंत सिंह और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। अनंत सिंह को कोर्ट ने रविवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह सहित तीनों गिरफ्तार अभियुक्त को बेऊर जेल के विशेष सुरक्षा वार्ड में रखा गया है।

जेल में क्या खाना दिया गया?

मोकामा विधानसभा सीट से जद(यू) के प्रत्याशी अनंत सिंह को उनके सहयोगियों मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम के साथ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया। मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह सहित तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों को आज दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है। जेल मेनुअल के मुताबिक बेऊर जेल में शाम को सब्जी-रोटी बनी थी। जेल सूत्रों के अनुसार तीनों को विशेष सुरक्षा वार्ड स्थित सेल में सब्जी-रोटी खाने के लिए दी गई। आपको बता दें कि, तीन महीने पहले ही अनंत सिंह बेऊर जेल से बाहर निकले थे। चुनाव के बाद मामले की जांच के लिए पुलिस अनंत सिंह को रिमांड पर ले सकती है।

क्या है अनंत सिंह पर आरोप?

दरअसल, अनंत सिंह पर जन सुराज समर्थक दुलार चंद यादव की मौत में संलिप्तता के आरोप लगे हैं। पुलिस द्वारा अनंत सिंह पर निगरानी रखी जा रही थी। इसके बाद शनिवार को देर रात अनंत सिंह को उनके मोकामा के बरह स्थित आवाससे हिरासत में लिया था। बता दें कि हाल ही में दुलार चंद यादव की अनंत सिंह के समर्थकों से झड़प हुई थी। दुलार चंद यादव की मौत गुरुवार को उस समय हुई जब वह मोकामा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार कर रहे थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दुलार चंद यादव की मृत्यु हृदय और फेफड़ों में चोट लगने से हुए शॉक के कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी फेल्योर से हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट है कि मामला हत्या का है।

ये भी पढ़ें- 'छोटे और नादान भाई...', महुआ पहुंचे तेजस्वी तो तेज प्रताप ने कह दी बड़ी बात; जनता से की ये अपील

'इंडी गठबंधन के तीन बंदर- पप्पू, टप्पू और अप्पू', बिहार के दरभंगा में बोले योगी आदित्यनाथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।