1. Hindi News
  2. बिहार
  3. '...तो बिहार की सड़कों पर नेपाल-बांग्लादेश की तरह लोग उतरेंगे', आरजेडी नेता सुनील सिंह के खिलाफ FIR

'...तो बिहार की सड़कों पर नेपाल-बांग्लादेश की तरह लोग उतरेंगे', आरजेडी नेता सुनील सिंह के खिलाफ FIR

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Nov 13, 2025 06:51 pm IST,  Updated : Nov 13, 2025 07:12 pm IST

बिहार के डीजीपी ने भड़काऊ बयान देने के लिए आरजेडी नेता सुनील सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। डीजीपी के आदेश के बाद मामला भी दर्ज हो गया है।

आरजेडी नेता सुनील सिंह - India TV Hindi
आरजेडी नेता सुनील सिंह Image Source : ANI

पटनाः बिहार विधानसभा के नतीजों से पहले आरजेडी एमएलसी सुनील सिंह ने कथित तौर पर भड़काऊ बयान देकर प्रदेश का सियासी पारा गरम कर दिया है। आरजेडी नेता सुनील सिंह ने गुरुवार को चुनाव अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी जीते हुए उम्मीदवार को हराने का काम किया गया तो या तो हमारा उम्मीदवार बाहर आएगा या फिर आप बाहर आएंगे और इसके बाद आपको वही दृष्य देखने को मिलेगा जो बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका की सड़कों पर देखने को मिला था। आम जनता आपको रोड पर उतरे हुए दिखेंगे। उन्होंने कहा कि हम भ्रष्ट और ईमानदार अफसरों से अपील करना चाहते हैं कि आप दूध का दूध और पानी का पानी कीजिए। आप मतगणना में कोई गड़बड़ी न होने दें। 

सुनील सिंह के खिलाफ मामला दर्ज 

आरजेडी नेता के इस बयान को राज्य के डीजीपी ने भड़काऊ करार दिया और उनके निर्देश के बाद पटना के साइबर थाने में सुनील सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। डीजीपी ने कहा कि किसी को इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए। 

2020 में हमारे कई उम्मीदवारों को जबरन हराया गया

सुनील सिंह ने कहा कि साल 2020 में हमारे कई उम्मीदवारों को जबरन हराया गया था। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। राजद नेता ने आगे चेतावनी दी कि जनता की इच्छा के विरुद्ध कोई भी कार्य व्यापक जन आक्रोश पैदा कर सकता है। उन्होंने चुनाव अधिकारियों से कहा कि हम आपसे आग्रह करते हैं कि ऐसा कुछ भी न करें जो जनभावना के विरुद्ध हो, जिसे जनता स्वीकार न करे।

आरजेडी नेता ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन की स्पष्ट जीत की भविष्यवाणी की। सुनील सिंह ने कहा कि हमें 140-160 सीटें मिल रही हैं और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार बनेगी। 

सुनील सिंह का बचाव

एमएलसी सुनील कुमार सिंह के बयान पर आरजेडी नेता और राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि मैं आपसे आग्रह करता हूं कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश न करें। हमने एग्जिट पोल कराने के लिए किसी को प्रायोजित नहीं किया। बिहार चुनाव रैली के दौरान भाजपा द्वारा जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, उससे पता चलता है कि वे हार रहे हैं। वे बिहार में रोजगार या विकास की बात नहीं करते। इस चुनाव में हमने कई स्तरों पर बदलाव देखा है..।

इनपुट- एएनआई 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।