बिहार में विधानसभा चुनाव इस साल के आखिर तक आयोजित होने वाले हैं। माना जा रहा है कि अक्टूबर के आखिर या नवंबर की शुरुआत तक बिहार में विधानसभा चुनाव का आयोजन हो सकता है। तेजस्वी यादव भी बिहार के विभिन्न जिलों में यात्रा निकाल रहे हैं। ऐसे में तेजस्वी ने India TV से एक्सक्लूसिव बातचीत की है। इस बातचीत में तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पद का चेहरा, प्रशांत किशोर की राजनीतिक एंट्री और SIR समेत कई मुद्दों पर बात की है।
सवाल: राहुल गांधी के साथ वोटर अधिकार यात्रा के तुरंत बाद अलग से एक नई यात्रा की जरूरत क्यों पड़ी?
तेजस्वी- वोटर अधिकार यात्रा में जिन जिलों में नहीं जा सके वहां अब जा रहें हैं। उस समय 22 से 25 जिला कवर किया, बिहार में 38 जिले हैं। जो बाकी के जिले हैं हमारी कोशिश है कि वहां हम जाएं और लोगों की मांग भी थी कि हमारे जिले में भी आएं।
सवाल: लेकिन कहा ये जा रहा है कि कांग्रेस के साथ सीटों पर बात नहीं बन पा रही है, मुख्यमंत्री पद का चेहरा आपको घोषित नहीं किया इसलिए यात्रा का नाम बदलकर अलग से यात्रा कर रहे है?
तेजस्वी- बीजेपी क्या है, रूमर फ्लोटिंग सेंटर, बड़का झूठा पार्टी। भाजपा को दर्द होता है जब तेजस्वी सड़कों पर रहता हैं। उनके पेट में मरोड़ हो रहा है, हाथ पैर फूल रहा है तो वह जाने, हमको क्या।
सवाल: इस यात्रा में आप दूसरे मुद्दों की चर्चा कर रहे हैं, पिछली यात्रा में सिर्फ वोट चोरी की बात रखना क्या आपको लगता है एक गलती थी?
तेजस्वी- वोटर अधिकार में भी हमने SIR के अलावा दूसरे मुद्दों की भी चर्चा की, अभी भी कर रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट में मैटर था, हमारी जो मांग थी पूरी हो गई। आधार को दस्तावेज में जोड़ लिया गया, अब फ्रेश वोटर लिस्ट बनेगा उसमें देखेंगे। हम लोगों की नजर है, हमारी एक टीम है जो केवल इलेक्शन कमीशन पर ही निगरानी रखती है।
सवाल: लेकिन कांग्रेस आपको मुख्यमंत्री क्यों नहीं प्रोजेक्ट कर रही है, क्या यह रणनीति का हिस्सा है या फिर सब कुछ ठीक नहीं है?
तेजस्वी- जनता मालिक है, जनता से आप पूछे किसको मुख्यमंत्री देखना चाहती है। महागठबंधन में सीएम पद को लेकर कोई कंफ्यूजन नहीं है। एक बात तय हुई है कि जब सीटें तय हो जाएगी तब मुख्यमंत्री के चेहरे का नाम बता दिया जाएगा तो इसमें हड़बड़ी किस बात की है। 10 दिन और इंतजार कर लें। 15 दिन और इंतजार कर ले, क्या फर्क पड़ता है। एनडीए के लोग ज्यादा चिंतित ना हों, तेजस्वी तो आएगा ही लेकिन तुमको और नीतीश जी को भगाने के मूड में है जनता।
सवाल: हाल ही में आपने कह दिया कि तेजस्वी सभी 243 सीटों पर लड़ेगा, इससे इस चर्चा को और ताकत मिल गई?
तेजस्वी- गठबंधन धर्म निभाना पड़ेगा ना, 243 सीट पर सब मिलकर लड़ेंगे। आरजेडी सिर्फ अपनी सीट पर तो लड़ेगी नहीं, बात का बतंगड़ सिर्फ बनाया जा रहा। हम लोग की कोशिश है जल्द से जल्द सीटों की घोषणा हो जाएगी। सब कुछ बहुत ही स्मूथ तरीके से चल रहा है, एक-एक चीज डिटेल में बात की जा रही है, हमारे यहां वह दिक्कत नहीं है जो NDA में है।
सवाल: मुकेश सहनी का डिप्टी CM होना क्या तय हो गया है? वे बार-बार कह रहे हैं
तेजस्वी- अगर वे होंगे तो हमको क्या आपत्ति है या किसी और को क्या आपत्ति हो सकती है। लेकिन सब चीज जब तय हो जाएगा तब आप लोगों के समक्ष रख दिया जाएगा। कोर्स कंप्लीट होने के बाद एग्जाम होता है। कोर्स कंप्लीट करने दीजिए, हम लोग तय कर लेंगे तो बता देंगे। होने के लिए तो डिप्टी CM कितना भी कर सकते हैं, नंबर सीमित थोड़े ही है, एक से ज्यादा भी हो सकते हैं, कम भी हो सकते हैं।
सवाल: आप जिन मुद्दों और घोषणाओं को लेकर चुनाव में जाने की सोच रहे थे लगभग उन सारी योजनाओं को एनडीए सरकार ने लागू कर दिया, अब चुनाव में क्या लेकर जाएंगे?
तेजस्वी- घोषणा तो कर दिया लेकिन पैसा कहां से लाएंगे। मेरे मुद्दे को चोरी कर रहे तो चोर हैं, नकलची हैं, नकल कर रहे हैं, लेकिन विजन तो नहीं ला सकते ना, विजन मेरा कैसे चोरी कर लेंगे। क्या इतने भर से बिहार बेहतर हो जाएगा? मेरे पास विजन है, हम कहते हैं करते भी हैं, उनके पास विजन नहीं है, सिर्फ नकल कर रहे हैं।
सवाल: माई बहिन योजना का फार्म भरवाने को लेकर आप पर एफआईआर भी दर्ज हो गई है?
तेजस्वी- बीजेपी के गुंडे मंत्री जिवेश मिश्रा ने पत्रकार की पिटाई की, केवल मंत्री वाले मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए मेरे पर FIR किया गया, जहां पहुंचे थे उसी थाने में FIR हुआ। कौन नहीं समझता है इन बातों को।
सवाल: सरकार बनने से पहले फार्म क्यों भरवाया जा रहा है? डिटेल्स से कई लोगों को साइबर फ्रॉड की आशंका है?
तेजस्वी- बीजेपी ने महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली में फॉर्म भरवाया। जब साइबर फ्रॉड होगा तब बोलिएगा ना। यह तो सरकार आने के बाद होगा और कौन नहीं ले रहा है फॉर्म? फार्म भरवाने से और केवल उनका अकाउंट नंबर लेने से फ्रॉड हो जाएगा? यह एक मुहीम है, आपको रिसीप्ट दिया जा रहा है कि हमारी सरकार बनेगी तो निश्चित रूप से गारंटी है हम लोग देंगे।
सवाल: नीतीश कुमार की 20 साल की एंटी इनकंबेंसी से आपको कितना फायदा होने की उम्मीद है?
तेजस्वी- 2005 से 2025-बहुत हुए नीतीश। यह हर एक व्यक्ति कह रहा है और यह सच्चाई है।
सवाल: NDA नीतीश कुमार को प्रोजेक्ट कर रही है, आपको क्या लगता है कि चुनाव के बाद नीतीश ही CM होंगे?
तेजस्वी- अमित शाह का आर्टिकल आपने पढ़ा होगा, उन्होंने कहा कि समय बतायेगा कि कौन होगा सीएम।
सवाल: आपकी लड़ाई एनडीए के बिहार के नेताओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री से भी है, यह कितनी बड़ी चुनौती है आपके लिए?
तेजस्वी- प्रधानमंत्री से मेरी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। विचार की लड़ाई है और सदैव यह लड़ाई रहेगी। जो नफरत फैलाने वाले लोग हैं, वे लोग गोडसे से गोलवलकर को मानने वाले लोग हैं। हम लोग गांधी लोहिया अंबेडकर को मानने वाले लोग हैं। विचारधारा को लेकर तो हमेशा लड़ाई रहेगी। सरकारी खर्च पर स्कूल बंद कर टीचर को कंडक्टर बनाकर लाएंगे। एक बार पीएम के दौरे पर 100 करोड़ का खर्च होता है।
सवाल: पीके कितनी बड़ी चुनौती लग रहे हैं? NDA के नेताओं को भी नुकसान का डर सता रहा है
बहुत लोगों का चुनाव के बाद दुकान बंद हो जायेगा। कहां चिंता में हैं, नयी-नयी पार्टी आती है, आने दीजिए, मेहनत करने दीजिए, उम्मीद करेंगे कि सदैव बिना स्वार्थ के मेहनत करते रहें।
ये भी पढ़ें- 'जीतन राम मांझी में इतनी हिम्मत है तो गयाजी से भी फ्लाइट क्यों नहीं उड़वा लेते', पप्पू यादव ने दी केंद्रीय मंत्री को चुनौती
तेजस्वी यादव की 'बिहार अधिकार यात्रा' शुरू, 10 जिलों से गुजरेगा RJD नेता का 'रथ'