बिहार सरकार ने राजधानी पटना में मौजूद बेउर जेल के अधीक्षक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरकार ने जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया है। सरकार की ओर से ये कार्रवाई छापेमारी के दौरान जेल में अवैध मेस संचालन, अनियमितताओं और कैदियों के शोषण की पुष्टि के बाद की गई है। निलंबित जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा का मुख्यालय सेंट्रल जेल भागलपुर होगा।
बेउर जेल में हुई थी छापेमारी
दरअसल, 20 जून को कारावास प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बेउर जेल में छापेमारी की थी और उस दौरान कई अनियमितताएं पाई गई थीं। कारावास के अन्दर लगभग सभी वार्डो में अवैध रूप से मेस का संचालन एवं खाना बनाने के लिए हीटर का प्रयोग किया जा रहा था। जांच दल के कारावास में रहते हुए भी बंदियों द्वारा हीटर पर खाना बनाया जा रहा था। कैटीन में MRP से अधिक दर पर बंदियों को सामान बेचे जाने की शिकायत भी सामने आयी थी।

और क्या अनियमितताएं मिलीं?
छापेमारी के दौरान जेल में बाहर से सामान खरीदकर कारावास प्रशासन द्वारा बंदियों को उच्च दर पर उपलब्ध कराया जाना, निर्धारित मेन्यू के अनुसार बंदियों को भोजन नहीं दिया जाना तथा अधिकतर बंदियों द्वारा प्राइवेट मेष का संचालन एवं उससे भोजन की सुविधा उपलब्ध कराया जाना और जिसके लिए बंदियों से अवैध वसूली किया जाना, उच्च सुरक्षा कक्ष में कम उम्र के बंदियों को उम्रदराज एवं कुख्यात बंदियों के साथ रख कर किशोर बंदियों के मानसिक एवं शारीरिक शोषण के मार्ग को प्रशस्त करना एवं इस अनाचार को बढ़ावा देना, लेखा पंजियों का संधारण नियमानुसार नहीं पाया जाना, जांच के क्रम में कारा पदाधिकारी द्वारा जांच टीम को सहयोग नहीं किया जाना तथा जांच के समय बिना सुरक्षा के बंदियों के बीच जांच दल को छोड़कर बाहर चले जाना, जांच के क्रम में अवकाश में रहने के बावजूद नीरज झा द्वारा कारा में पहुंचकर जाँच कार्य में प्रतिरोध उत्पन्न करना जैसी शिकायत और अनियमितता मिली थी।
राजीव कुमार को मिला बेउर जेल का अतिरिक्त प्रभार
जांच दल ने इन घटनाओं को गंभीर अनुशासनहीनता, कर्त्तव्यहीनता, लापरवाही एवं धृष्टता का परिचायक माना है। जांच के समय भी अधीक्षक जांच दल को बिना किसी सुरक्षा के बंदियों के बीच छोड़कर चले गए थे। इन सभी आरोपों को लेकर यह कार्रवाई की गई है। सहायक कारा महानिरीक्षक राजीव कुमार को बेउर जेल के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
ये भी पढ़ें- सुगौली: नकली गहनों के कारण टूटी शादी, बेलवतिया गांव में रातभर चला हाईवोल्टेज ड्रामा
खान सर की कोचिंग को खतरा! फायर ब्रिगेड टीम को मिलीं कई कमियां, 10 दिन में ठीक कराने के आदेश