1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में 10 साल की बच्ची से रेप, गला रेतकर ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंका, सीने पर भी चाकू गोदा

मुजफ्फरपुर में 10 साल की बच्ची से रेप, गला रेतकर ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंका, सीने पर भी चाकू गोदा

 Published : May 27, 2025 02:45 pm IST,  Updated : May 27, 2025 03:27 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी इलाके में एक मनचले युवक ने 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची से हैवानियत की है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद बच्ची का गला रेतकर ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंक दिया है।

Bihar Muzaffarpur rape case- India TV Hindi
मुजफ्फरपुर में बच्ची से रेप। Image Source : INDIA TV

बिहार के मुजफ्फरपुर में 10 साल की दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। हैवानियत की हद तब हो गई जब लड़की के गर्दन को चाकू से रेत दिया गया और फिर उसे ईंट भट्ठे के गड्ढे में फेंक दिया गया है। लड़की के शरीर पर 20 जगहों पर  चाकू के जख्म के निशान मिले हैं। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने मौसी के घर पहुंचाने के बहाने लड़की के साथ इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने थाने पर हंगामा किया है। भीड़ ने आरोपी को थाने से खींचकर मारने का प्रयास किया है। वहीं, दूसरी ओर बच्ची को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। दस साल की बच्ची के साथ 27 साल के युवक ने दुष्कर्म किया है। इसके बाद आरोपी ने बच्ची का गर्दन रेत दिया और सीने पर चाकू गोद दिया। आरोपी बच्ची को नग्न अवस्था मे ईंट भट्टे में फेंक कर फरार हो गया। बच्ची महादलित परिवार से आती है। बच्ची के देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की तो बच्ची खून से लथपथ मिली। ग्रामीणों ने बच्ची को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

भीड़ ने किया आरोपी को मारने का प्रयास

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ थाने पर जुट गई। उग्र भीड़ आरोपी को थाने से खींचकर पीटने का प्रयास किया। घटना के बाद कुढ़नी थाने पर पहुंचे लोग हंगामा करते रहे। इस दौरान वे पुलिस से बार-बार कहते रहे कि सर, बच्ची का गर्दन और कलेजा काटने वाले को सौंप दीजिए। हमलोग इसका फैसला ऑन स्पॉट करेंगे। थाने पर दो घंटे तक हंगामा हुआ। बवाल बढ़ता देख कई थाने की पुलिस भी पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीण एसपी विद्या सागर दल बल के साथ पहुंचे और लोगों को समझाया। इसके बावजूद आक्रोशित ग्रामीण आरोपी को हवाले करने की मांग पर अड़े रहे। भीड़ थाने में बंद आरोपित को खींचकर मारने का प्रयास करने लगी। बवाल बढ़ता देख पुलिसकर्मियों ने लाठी चार्ज किया और लोगों को खदेड़ दिया। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई।

बच्ची को बहला फुसलाकर कर ले गया था आरोपी

पुलिस ने आरोपी शख्स को दूसरे थाने की हाजत में भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता पांचवीं कक्षा की छात्रा है। पकड़ा गया आरोपी भी कुढ़नी थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है। बच्ची की मौसी का घर आरोपी के गांव में है। बच्ची के चाचा ने बताया कि आरोपित गांव में मछली बेचने आया करता था, इस वजह से जान पहचान है। बच्ची की मौसी के घर समारोह हो रहा था। सारे लोग उसी में व्यस्त थे। बच्ची मौसी के घर जा रही थी। मौसी के घर पहुंचाने के बहाने आरोपी उसे बहला फुसलाकर कर साथ ले गया। आरोपी बच्ची को खेत की ओर ले गया और सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। बच्ची जब चीखने चिल्लाने लगी तो आरोपी ने मछली काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया।

आरोपी पहले भी कर चुका ऐसी वारदात

सोमवार देर शाम तक जब बच्ची मौसी के घर नहीं पहुंची तो आरोपी युवक को कॉल किया गया लेकिन उसका मोबाइल बंद था। इसके बाद उसकी खोज भी शुरू की गई। जब लोग पुराने ईंट भट्ठे की ओर गए तो बच्ची नग्न अवस्था मे खून से लथपथ गड्ढे में मिली। गिरफ्तार आरोपी पहले भी एक बच्ची के साथ ऐसी घटना कर चुका है। वह बच्ची उसके रिश्ते की बहन लगती थी और उसने उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी ने उसका गला भी रेत दिया था। इसके बाद से वह इलाके में साइको के नाम से जाना जाता है।

पुलिस ने क्या कहा? 

इस पूरे मामले पर ग्रामीण एसपी विद्यासागर ने बताया- "आरोपी बच्ची को बहला फुसला कर ले गया और उसके साथ गलत किया। बच्ची का गला रेत कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया है। बच्ची को इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। स्पीडी ट्रायल चला कर उसे सजा दिलवाई जाएगी।" (रिपोर्ट: संजीव कुमार)

ये भी पढ़ें- बिहार: दूल्हे के अपहरण के बाद ऑर्केस्टा बैन, महिला डांसरों को जिला छोड़ने का आदेश, संचालकों से बॉन्ड भरवाया

पटना में पार्किंग विवाद के बाद हुई फायरिंग, 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।