बिहार के समस्तीपुर जिले से एक चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां रोसड़ा थाना में पदस्थापित ASI युगेश्वर साह का कथित तौर पर घूस लेते वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में ASI सादे लिबास में दिखाई दे रहे हैं और एक व्यक्ति से एक हजार रुपये लेते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सबसे भावुक करने वाली बात ये है कि वीडियो में पीड़ित बार-बार मिन्नतें करता सुनाई दे रहा है कि हमारे पास देने के लिए और पैसा नहीं है लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर पैसे की मांग जारी रहती है।
अधिकारी पर हो गई कार्रवाई
अब इस पूरे मामले पर समस्तीपुर पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रोसड़ा डीएसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर दी है। जांच शुरू होते ही आरोपी ASI युगेश्वर साह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसपी कार्यालय ने जारी किया बयान
इस घटना को लेकर समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से बयान जारी किया गया है। बयान में कहा गया है- "समस्तीपुर जिला के रोसड़ा थाना में पदस्थापित स०अ०नि० योगेश्वर साह के द्वारा सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति से रुपया लेने की वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर द्वारा वायरल वीडियो के संदर्भ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रोसड़ा, समस्तीपुर से जांच करायी गयी। समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर स०अ०नि० योगेश्वर साह को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित किया गया है तथा इनके विरूद्ध अग्रतर अनुशासनिक कार्रवाई की जा रही है।" (रिपोर्ट: सुनील कुमार)
ये भी पढ़ें- 'परीक्षा का समय आता है तो मेरा सब्जेक्ट ही बदल दिया जाता है', विभाग बदलने पर मंत्री विजय सिन्हा का छलका दर्द
प्रेम प्रसंग विवाद में रिश्तेदारों ने की युवक की हत्या, ट्रक से टक्कर मरवाई; फिर शव को फेंका