1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार की 2 महिला कांस्टेबल की हो रही वाहवाही, लुटेरों को खदेड़ बैंक लूटने से बचाया

बिहार की 2 महिला कांस्टेबल की हो रही वाहवाही, लुटेरों को खदेड़ बैंक लूटने से बचाया

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jan 19, 2023 11:12 am IST,  Updated : Jan 19, 2023 11:12 am IST

लुटेरों से सुरक्षा में तैनात सिपाहियों ने मास्क उतारने और पासबुक दिखाने को कहा। सिपाहियों की इस मांग पर बदमाश भड़क गए और पिस्तौल निकालकर तान दिया। महिला सिपाही भी अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए उनसे भिड़ गई।

कांस्टेबल ने दिखाई हिम्मत- India TV Hindi
कांस्टेबल ने दिखाई हिम्मत Image Source : IANS

बिहार में जहां रोज लूट और हत्या की खबरें सुनने को मिल रही थीं, वहीं अब यहां के वैशाली जिले से सुकून और पुलिस की जांबाजी की खबर भी सामने आई है। यहां दो जाबांज महिला कांस्टेबल ने अपनी हिम्मत का उदाहरण पेश कर एक बैंक को लूटने से बचा लिया। वैशाली के पुलिस अधीक्षक अब इन दोनों महिला कांस्टेबल की जांबाजी से खुश होकर पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

पुलिस के मुताबिक, सदर थाना क्षेत्र के सेन्दुआरी चौक स्थित उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक में बुधवार को महिला कांस्टेबल शांति कुमारी और जूही कुमारी अपनी ड्यूटी पर तैनात थीं। बैंक में सारे काम चल रहे थे। इसी बीच, चार बाइक पर सवार होकर चार बदमाश बैंक के बाहर पहुंचे। इनमें से मास्क लगाए दो बदमाश बैंक के अंदर जाने लगे।

सिपाहियों की मांग पर भड़क गए बदमाश

इस पर सुरक्षा में तैनात सिपाहियों ने मास्क उतारने और पासबुक दिखाने को कहा। सिपाहियों की इस मांग पर बदमाश भड़क गए और पिस्तौल निकालकर तान दिया। महिला सिपाही भी अपनी बहादुरी का परिचय देते हुए उनसे भिड़ गई। बदमाशों ने इन सिपाहियों से हथियार छीनने की भी कोशिश की, जिसमें महिला सिपाहियों को हल्की चोट भी लगी।

दोनों महिला सिपाही जब फायरिंग की पोजिशन में आईं, तो बदमाश भाग खड़े हुए। इस दौरान बदमाश अपनी मोटर साइकिल भी छोड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी में पुलिस जुटी है। उन्होंने कहा कि जांबाज महिला सिपाहियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।