1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन, हालात बिगड़ने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन, हालात बिगड़ने पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : May 08, 2026 02:27 pm IST,  Updated : May 08, 2026 02:35 pm IST

पटना में TRE-4 नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज BPSC शिक्षक अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया है। मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च के दौरान पुलिस से झड़प हुई और हालात बिगड़ने पर लाठीचार्ज किया गया। अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में देरी और उम्र सीमा खत्म होने को लेकर नाराज हैं।

BPSC TRE 4 protest, Patna lathicharge, Bihar teacher recruitment, TRE 4 notification- India TV Hindi
पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच जोरदार झड़प हुई है। Image Source : ANI

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों का गुस्सा शुक्रवार को पटना की सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और सरकार व BPSC के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री आवास की ओर जाना चाहते थे अभ्यर्थी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से TRE-4 भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के कारण हजारों उम्मीदवारों की उम्र सीमा समाप्त हो जाएगी,  इसी वजह से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

'हर समस्या का समाधान होगा और आज होगा'

शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने कहा, 'हमारी बात छात्रों तक पहुंचाइये, हम विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठेंगे, समीक्षा भी करेंगे और उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेंगे। आप लोगों के माध्यम से उन तक ये संदेश देना चाहता हूं कि हर बात में आंदोलन के लिए उतारू ना हों, हम सबको मिलकर बिहार को आगे बढ़ाना है। संवाद से हम विवाद का हल निकालेंगे, एक बार सबके साथ बैठेंगे, बात करेंगे। सरकार उन्होंने ही बनायी है, सरकार उनकी ही है। हर समस्या का समाधान होगा और आज होगा, हम कल पर डालने वाले व्यक्ति नहीं है।'

अभ्यर्थियों ने की थी मांग पहुंचाने की कोशिश

बता दें कि इससे पहले अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर #Release_TRE4_Notification अभियान चलाकर सरकार और बीपीएससी तक अपनी मांग पहुंचाने की कोशिश की थी। दरअसल, शिक्षा विभाग ने पहले कहा था कि TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन 19-20 अप्रैल तक जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हालांकि तय तारीखें बीत जाने के बाद भी भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी और बढ़ गई है।

46 हजार 882 पदों पर होनी है शिक्षकों की भर्ती

जानकारी के मुताबिक, इस बार TRE-4 के तहत 46 हजार 882 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। लाखों अभ्यर्थी पिछले 2 सालों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि BPSC कैलेंडर के मुताबिक TRE-4 परीक्षा 24 अगस्त 2024 को होनी थी और इसका रिजल्ट 24 सितंबर 2024 तक जारी किया जाना था, लेकिन अब तक भर्ती का विज्ञापन तक जारी नहीं हुआ है। BPSC ने फरवरी के दूसरे हफ्ते में नोटिस जारी कर कहा था कि अधियाचना मिल चुकी है और जल्द ही TRE-4 का विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।