1. Hindi News
  2. बिहार
  3. वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से कांग्रेस नेता की गई जान, जहानाबाद में काको प्रखंड के अध्यक्ष थे

वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से कांग्रेस नेता की गई जान, जहानाबाद में काको प्रखंड के अध्यक्ष थे

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 02, 2024 07:18 am IST,  Updated : Dec 02, 2024 11:15 am IST

वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से कांग्रेस नेता की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही कई कांग्रेसी नेता भी पोस्टमार्टम हाउस के समीप पहुंचे थे।

Makhdumpur Gaya Railway Station- India TV Hindi
मखदुमपुर रेलवे स्टेशन Image Source : FILE PHOTO

बिहार के जहानाबाद जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां पटना-गया रेल खण्ड पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से कांग्रेस नेता की मौत हो गई। घटना मखदुमपुर स्टेशन के पास की है। मृतक काको प्रखंड के काजी दौलतपुर गांव निवासी रामचंद्र सोनी बताए जाते हैं जो कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष थे।

ट्रेन पर चढ़ने के लिए स्टेशन जा रहे थे कांग्रेस नेता

मिली जानकारी के अनुसार रविवार की शाम कांग्रेस नेता रामचंद्र सोनी किसी काम से मखदुमपुर इलाके में आए थे। वह ट्रेन पर चढ़ने के लिए रेलवे पटरी के रास्ते से मखदुमपुर स्टेशन जा रहे थे तभी वंदे भारत एक्सप्रेस के चपेट में आ गए जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि रामचंद्र सोनी काको प्रखंड के अध्यक्ष थे। वह मखदुमपुर स्टेशन पर खड़े थे। इसी दौरान पीजी रेल खंड से गुजर रहे वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौत हो गयी है।

55 वर्षीय मृतक कांग्रेस नेता काफी साधारण परिवार से थे। उनके निधन से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। कांग्रेस के नेताओ ने बताया कि वे पार्टी से लंबे समय से जुड़े थे। वे दो बार से लगातार काको के प्रखंड अध्यक्ष थे। मृतक कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष के दो बेटे और चार लड़कियां है जिसमें दो तीन बच्चे काफी छोटे हैं। अब उनके देखरेख की जिम्मेवारी उनकी बेवा पर आ गई है।

परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

इधर घटना की सूचना पाकर मौके पर जीआरपी थाना की पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस के समीप पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही कई कांग्रेसी नेता भी पोस्टमार्टम हाउस के समीप पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

(रिपोर्ट- मुकेश कुमार)

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम रोड एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल, हॉस्पिटल में भर्ती

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।