बिहार के हाजीपुर में लाखों की डकैती का मामला सामने आया है। महनार थाना क्षेत्र अंतर्गत परमानंदपुर गांव में बीती रात डकैती की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दर्जनों की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने एक सोनार के घर को निशाना बनाते हुए कई लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए।
जाते-जाते एक चप्पल भी चुरा ले गए डकैत
सोनार के घर पर पहुंचे डकैत चेहरे पर नकाब पहने हुए थे। हाथ में लाठी डंडे और हथियार भी लिए थे। इन दर्जनों डकैतों ने पैर में चप्पल भी नहीं पहनी। जाते-जाते एक डकैत घर के अंदर से चप्पल भी चुरा ले गया। घर के अंदर डकैती की ये वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई।
3 लोग हुए घायल
घटना के दौरान अपराधियों ने पूरे इलाके में दहशत फैलाने के लिए लगातार फायरिंग और विस्फोट किया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान 3 लोग घायल भी हुए, जिसमें एक ग्रामीण और दो सोना व्यवसाय रंजीत कुमार साह के परिवार के लोग हैं।
गांव वालों पर कर रहे थे फायरिंग और बमबाजी
बदमाश काफी देर तक उत्पात मचाते रहे और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पीड़ित परिजनों ने बताया कि घर वाले आवाज देकर गांव वालों को बुलाना चाहते थे तो छत पर डकैत बम फेंक देते थे। अगर गांव के लोग उनके घर के तरफ आने का कोशिश करते थे तो उन पर फायरिंग और बमबारी करते थे।
वारदात के 2 घंटे बाद पहुंची पुलिस
पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों की गतिविधियां साफ देखी जा सकती है। फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान में जुट गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के करीब 2 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
राजा बाबू की रिपोर्ट