1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पूर्णिया के लिए पप्पू यादव देखते रहे सपना! आरजेडी ने बीमा भारती को बना दिया अपना उम्मीदवार

पूर्णिया के लिए पप्पू यादव देखते रहे सपना! आरजेडी ने बीमा भारती को बना दिया अपना उम्मीदवार

 Reported By: Vijai Laxmi Written By: Mangal Yadav
 Published : Mar 27, 2024 06:15 pm IST,  Updated : Mar 27, 2024 06:33 pm IST

बीमा भारती को लेकर सवालों का जवाब देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि वह हमारी बेटी जैसी हैं जहां तक चुनाव का सवाल है तो वह दिल्ली में तय होगा।

लालू यादव से सिंबल लेती बीमा भारती, दूसरे विंडो में पप्पू यादव- India TV Hindi
लालू यादव से सिंबल लेती बीमा भारती, दूसरे विंडो में पप्पू यादव Image Source : INDIA TV

पटनाः बिहार में इंडिया गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर पेच फंस गया है। गठबंधन के तहत कांग्रेस पूर्णिया सीट पप्पू यादव के लिए चाह रही थी लेकिन आरजेडी ने बीमा भारती को टिकट दे दिया है।  बीमा भारती पूर्णिया सीट से आरजेडी उम्मीदवार के तौर पर 3 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी। इसकी घोषणा उन्होंने खुद की है। बीमा भारती ने लालू यादव से सिंबल लेते हुए तस्वीर को सोशल मीडिया पर जारी भी किया है।

पप्पू यादव को मधेपुरा से लड़ाया जा सकता है चुनाव

 बीमा भारती के बयान के बाद कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा कि इस पर गठबंधन के शीर्ष नेता निर्णय करेंगे। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव को पूर्णिया की बजाय मधेपुरा से चुनाव लड़ाया जा सकता है। वह पहले भी यहां से चुनाव लड़ चुके हैं।

पप्पू यादव ने कही ये बात

बीमा भारती को लेकर सवालों का जवाब देते हुए पप्पू यादव ने कहा कि वह हमारी बेटी जैसी हैं जहां तक चुनाव का सवाल है तो वह दिल्ली में तय होगा। उन्होंने फिर से दोहराया कि पूर्णिया मेरी मां है और मां को छोड़कर बेटा कहीं नहीं जाएगा। पप्पू यादव के करीबी की मानें तो पप्पू यादव लगातार लोगों से मिल रहे हैं और चुनाव लड़ना लगभग तय माना जा रहा है। पप्पू यादव को आज भी उम्मीद है कि राजद और कांग्रेस में समझौता हो जाएगा।  

आरजेडी ने कांग्रेस को ऑफर की 8 सीटें

सूत्रों ने बताया कि आरजेडी ने कांग्रेस को आठ सीट ऑफर कर दी है। 9वीं सीट पूर्णिया को लेकर बातचीत अब भी जारी है। इस पर आज रात तक या कल फैसला हो जाएगा। आज भी कांग्रेस और राजद के नेता एक दूसरे के संपर्क में है और लगातार बातचीत कर रहे हैं। बिहार की अभी कोई स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग नही हुई है, स्क्रीनिंग कमेटी गठबंधन के फैसले का इंतजार कर रही है।  

 राजद ने कांग्रेस को यह सीट ऑफर की है

  1. भागलपुर
  2. मुजफ्फरपुर
  3. बेतिया
  4. संसाराम
  5. किशनगंज
  6. कटिहार
  7. पटना साहिब
  8. समस्तीपुर

नौवी सीट पूर्णिया है जिस पर चर्चा अभी भी जारी है।

 

 

 

इनपुट- जेपी शर्मा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।