1. Hindi News
  2. बिहार
  3. हत्या या हादसा? पटना से लापता बैंक मैनेजर की रहस्यमय मौत, कुएं से मिला शव

हत्या या हादसा? पटना से लापता बैंक मैनेजर की रहस्यमय मौत, कुएं से मिला शव

 Reported By: Nitish Chandra Edited By: Malaika Imam
 Published : Jul 15, 2025 11:17 am IST,  Updated : Jul 15, 2025 01:38 pm IST

पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से एक निजी बैंक के मैनेजर सोमवार की रात रहस्यमय तरीके से लापता हो गए, जिनका शव कुएं से बरामद किया गया है।

कुएं में मिली लापता बैंक मैनेजर की बॉडी- India TV Hindi
कुएं में मिली लापता बैंक मैनेजर की बॉडी

बिहार: राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से सोमवार रात एक निजी बैंक के मैनेजर अभिषेक वरुण रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। अब उनका शव शव मंगलवार को बेउर थाना क्षेत्र के एक कुएं से बरामद किया गया है। अभिषेक की गुमशुदगी के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी और इस घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है।

कंकड़बाग थाना क्षेत्र के निवासी अभिषेक वरुण सोमवार देर रात अपनी पत्नी के साथ एक पार्टी से लौटे थे। उनकी पत्नी घर आ गईं, लेकिन अभिषेक ने बाद में आने की बात कही थी, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पा रहा था।

देर रात आया फोन कॉल

अभिषेक के भाई के अनुसार, देर रात लगभग 2:45 बजे अभिषेक ने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है। इस कॉल के तुरंत बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया, जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। रात भर इंतजार के बाद भी जब अभिषेक घर नहीं लौटे, तो मंगलवार सुबह उनकी पत्नी ने कंकड़बाग थाने में मामला दर्ज कराया।

बेउर इलाके में मिली आखिरी लोकेशन

पुलिस ने अभिषेक के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की, जिसकी आखिरी लोकेशन बेउर थाना क्षेत्र में मिली। यह इलाका अभिषेक के आखिरी बार देखे जाने की जगह से लगभग चार किलोमीटर दूर एक सुनसान क्षेत्र है। कंकड़बाग थाने में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है।

कुएं से मिला बैंक मैनेजर का शव

आज सुबह अभिषेक का शव बेउर इलाके के एक कुएं से मिलने के बाद पुलिस ने उनके निधन की पुष्टि की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई और रहस्य छुपा है।

ये भी पढ़ें- 

दिल्ली के इस बड़े स्कूल और कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

62 करोड़ की कोकीन के साथ दोहा से मुंबई पहुंची महिला, एयरपोर्ट पर DRI की बड़ी कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।