मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मामला मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला कन्हौली मोड़ का है, जहां दरभंगा के जाले प्रखंड में पदस्थापित बीडीओ मनोज कुमार की पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अमृता की उम्र 29 साल थी और अब उसकी मौत से पूरे इलाके में हलचल पैदा हो गई है। अमृता की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति पर दूसरी महिला से अवैध संबंध होने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
बताया जा रहा है कि अमृता की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जैसे ही अमृता के परिजनों को सूचना मिली, वह भी अस्पताल पहुंच गए और बेटी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अमृता को दूसरे अस्पताल ले जाने पर जोर देने लगे। लेकिन, तब तक अमृता की मौत हो चुकी थी। मगर परिजनों ने आस नहीं छोड़ी, अमृता के जिंदा होने की आस में परिजन उसे सदर अस्पताल ले गए, हालांकि अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि घटना से ठीक पहले पति से भी उनका बड़ा झगड़ा हुआ था परिजनों का सीधा आरोप है कि इसी विवाद और प्रताड़ना के चलते अमृता को जहर खिलाकर मार दिया गया है।
बेटी को किया जा रहा था प्रताड़ित- मृतका की मां
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि अमृता की शादी वर्ष 2023 में मनोज कुमार से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका आरोप है कि बीडीओ का किसी दूसरी महिला से संबंध था और इसका विरोध करने पर अमृता के साथ मारपीट की जाती थी। मां ने आरोप लगाया कि इसी साजिश के तहत उनकी बेटी को जहर देकर मार दिया गया। सूचना मिलते ही मिठनपुरा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और परिजनों का बयान दर्ज किया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
एएसपी नगर सुरेश कुमार ने बताया कि विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने पति पर अवैध संबंध और हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
(रिपोर्ट- संजीव कुमार)
ये भी पढ़ेंः पटना जंक्शन से फर्जी दरोगा गिरफ्तार, फर्जी आईडी दिखाकर यात्रियों को बनाता था शिकार, चोरी करके हो जाता था फरार
सास की संपत्ति हड़पना चाहता था दामाद, साले को जेल भिजवाने के लिए रची लूट की साजिश; हुआ पर्दाफाश