1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में बड़ा कांड, पुलिस फायरिंग में बुजुर्ग की मौत; पॉक्सो एक्ट के आरोपी को पकड़ने गई थी टीम

मुजफ्फरपुर में बड़ा कांड, पुलिस फायरिंग में बुजुर्ग की मौत; पॉक्सो एक्ट के आरोपी को पकड़ने गई थी टीम

 Published : Mar 18, 2026 03:56 pm IST,  Updated : Mar 18, 2026 03:56 pm IST

मुजफ्फरपुर में पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस की गोली से एक बुजुर्ग की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। नाराज लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया है।

जगतवीर राय, मृतक- India TV Hindi
जगतवीर राय, मृतक Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस छापेमारी के दौरान हिंसक झड़प और फायरिंग की घटना सामने आई है। इस दौरान एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि थाना अध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घटना गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव की है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय जगतवीर राय के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

मंगलवार देर रात पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पुलिस गांव गई थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान अभियुक्त पक्ष के लोगों ने हल्ला कर ग्रामीणों को एकत्र कर लिया और पुलिस टीम पर पथराव, लाठी-डंडा तथा फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया कि स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम भीड़ में फंस गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग करते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई और वहां से बाहर निकली। पुलिस की फायरिंग में जगतवीर राय की छाती में गोली लगी जिससे उनके मौके पर ही मौत हो गई। नाराज लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया।

थाना अध्यक्ष समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

घटना में थाना अध्यक्ष राजा सिंह, अपर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है। घटना के बाद से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण एसएसपी डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। इलाके में भारी तनाव है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

मृतक के चाचा ने क्या बताया?

मृतक के चाचा ने बताया कि 4 गाड़ियों में पुलिस पहुंची थी। अजय को जबरन गाड़ी में बैठा रहा था। जब पूछा कि बिना वारंट के कैसे पकड़ रहे हैं तब हल्ला किया और उसके बाद फायरिंग कर दी। पहला फायर हवा में किया। इसके बाद दूसरा फायर अजय पर किया लेकिन वह बाल-बाल बच गया। तीसरा फायर जगतवीर पर किया जिससे उसकी मौत हो गई।

राजद नेता ने लगाया गंभीर आरोप

वहीं, राजद नेता प्रभात किरण ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थानाध्यक्ष राजा सिंह देर रात जगतवीर राय के घर में घुस गए। मृतक जगतवीर राय ने दारोगा से पूछा बिना वारंट सब के घर में क्यों घुस रहे हैं। इसी पर मारपीट कर दरोगा ने गोली चला दी जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने एक भैंस पर भी गोली चला दी। राजद नेता ने कहा कि जब तक दारोगा की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक शव नहीं उठने दिया जाएगा। एसएसपी घटना की जांच करे।

कांग्रेस ने आंदोलन करने की दी चेतावनी

वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने आरोप लगाया है कि 60 वर्षीय जगतवीर राय को गायघाट थाना पुलिस ने घर में घुसकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।

(रिपोर्ट- संजीव कुमार)

यह भी पढ़ें-

अपराधी ने पुलिस को फोन पर दी धमकी, कहा- '10 से 15 पुलिसकर्मियों की हत्या करेंगे', भीषण एनकाउंटर में दो आरोपी ढेर

Video: महिला डांसर को उठाकर भीड़ में फेंका, पीड़िता पुलिस से बोली- 'सब हंसी मजाक में हुआ, कोई शिकायत नहीं'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।