1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पैसों के लिए 'सोनी' से 'हीना' बनी, B.Ed कॉलेज में ले रही थी ट्रेनिंग, जानें कैसे एक गलती ने फर्जी शिक्षिका को पहुंचा दिया जेल

पैसों के लिए 'सोनी' से 'हीना' बनी, B.Ed कॉलेज में ले रही थी ट्रेनिंग, जानें कैसे एक गलती ने फर्जी शिक्षिका को पहुंचा दिया जेल

 Published : Dec 17, 2025 10:47 am IST,  Updated : Dec 17, 2025 10:47 am IST

बिहार के समस्तीपुर बीएड कॉलेज में शिक्षक ट्रेनिंग में एक बड़ा घपला सामने आया है। यहां हीना परवीन की जगह सोनी कुमारी 5 दिवसीय ट्रेनिंग में पहुंची लेकिन यहां हुई एक गलती ने उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

सोनी कुमारी ट्रेनिंग...- India TV Hindi
सोनी कुमारी ट्रेनिंग लेने पहुंची और पकड़ी गई। Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के समस्तीपुर बीएड कॉलेज में पांच दिवसीय ट्रेनिंग लेने पहुंची एक फर्जी शिक्षिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त कथित शिक्षिका अन्य किसी शिक्षिका के नाम पर फर्जी तरीके से ट्रेनिंग करने के लिए बीएड कॉलेज पहुंची थी। लेकिन इस दौरान बार-बार बायोमेट्रिक लगाने पर मिस मैच होने पर कॉलेज कर्मियों को शक हुआ तो उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान वह पकड़ी गई। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पवन सिंह ने तत्काल इसकी सूचना शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय थाने को दिया। सूचना पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस ने उक्त कथित शिक्षिका को गिरफ्तार कर लिया।

जानिए क्या है पूरा मामला

गिरफ्तार महिला की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही लगुनिया रधुकंठ निवासी कृष्णा कुमार की पत्नी सोनी कुमारी के रूप में की गई है। बताया गया कि विभूतिपुर प्रखंड के प्राथमिक उर्दू विद्यालय आलमपुर की शिक्षिका हीना परवीन को 5 दिवसीय ट्रेनिंग में शामिल होना था। यह ट्रेनिंग सोमवार 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक होना था। लेकिन हीना परवीन की जगह ट्रेनिंग में शामिल होने सोनी कुमारी बीएड कॉलेज पहुंची थी। रजिस्ट्रेशन का कार्य कर रहे कर्मी को महिला पर शक हुआ तो उन्होंने कड़ाई से पूछताछ की तो महिला ने अपना सही नाम बताया।

fake teacher arrested
Image Source : REPORTER INPUTफर्जी शिक्षिका गिरफ्तार।

पैसों का लालच देकर ट्रेनिंग में शामिल होने भेजा

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसे पैसों का लालच देकर ट्रेनिंग में शामिल होने के लिए भेजा गया था। उसे अनीता नाम की महिला ने ट्रेनिंग के लिए भेजा था, वह शिक्षिका भी नहीं है। इसके बाद कॉलेज के प्राचार्य ने उक्त महिला को मुफ्फसिल थाने के हवाले कर दिया। इधर मुफस्सिल पुलिस ने गिरफ्तार महिला से अनीता नामक महिला का नंबर लेकर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है।

शिक्षिका समेत तीन महिलाओं पर FIR

वहीं कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. पवन सिंह के आवेदन पर मुफस्सिल थाने में तीनों महिला जिसमें प्राथमिक उर्दू विद्यालय आलमपुर की शिक्षिका हीना परवीन, फर्जी तरीके से ट्रेनिंग लेने पहुंची सोनी कुमारी और पैसे का लालच देकर सोनी को भेजने वाली अनीता कुमारी नामक महिला के विरुद्ध FIR दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया गया है। इधर, महिला को मेडिकल जांच के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 सह प्रभारी एसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि फर्जी शिक्षिका द्वारा ट्रेनिंग मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य बिंदुओं पर मामले की जांच की जा रही है।

(रिपोर्ट- सुनील कुमार)

यह भी पढ़ें-

स्कूल में नाबालिग छात्राओं से पैर दबवा रही थी शिक्षिका, वीडियो सामने आते ही हुई कार्रवाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।