1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 'केसी सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त होना बाकी है', बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में प्रशांत किशोर के खिलाफ लगे पोस्टर

'केसी सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त होना बाकी है', बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना में प्रशांत किशोर के खिलाफ लगे पोस्टर

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Jul 16, 2026 12:53 pm IST,  Updated : Jul 16, 2026 12:53 pm IST

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले पटना में प्रशांत किशोर के खिलाफ पोस्टर लगने से सियासत गरमा गई है। पोस्टर में उन पर तंज कसा गया है। इसी बीच जन सुराज के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

Prashant Kishor, Bankipur bypoll, Bihar politics- India TV Hindi
पटना में प्रशांत किशोर पर तंज कसते हुए पोस्टर लगाए गए हैं। Image Source : REPORTER INPUT

Highlights

  • पटना में प्रशांत किशोर के खिलाफ पोस्टर लगाकर 'वोट नहीं, नोट चाहिए' का आरोप लगाया।
  • पोस्टर में लिखा, 'केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है।'
  • जन सुराज के कई बड़े नेताओं ने बुधवार को भाजपा का दामन थाम लिया था।

पटना: बिहार की राजधानी पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को लेकर लगाए गए एक पोस्टर ने राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है। शहर में लगाए गए इस पोस्टर में प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए लिखा गया है, 'केसी सिन्हा तो सिर्फ झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है।' इसके साथ ही पोस्टर में यह भी लिखा गया है, 'इनको वोट नहीं, नोट चाहिए।' पोस्टर के नीचे 'सौजन्यः बांकीपुर की जनता' लिखा गया है। पोस्टर में प्रशांत किशोर को टोपी और गमछा पहने हुए दिखाया गया है।

30 जुलाई को बांकीपुर में होना है उपचुनाव

बता दें कि यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। इस चुनाव में प्रशांत किशोर जन सुराज पार्टी की ओर से बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को चुनौती दे रहे हैं। इस उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज हो रही हैं। पोस्टर विवाद के बीच जन सुराज पार्टी को एक और बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पटना स्थित बीजेपी कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

जन सुराज के कई बड़े नामों ने छोड़ दी पार्टी

बीजेपी में शामिल होने वालों में दीघा से पूर्व उम्मीदवार बिट्टू सिंह, मेयर पद की उम्मीदवार विनीता बिट्टू, कुम्हरार से उम्मीदवार केसी सिन्हा और मनेर से उम्मीदवार गोपाल सिंह प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके साथ बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने भी बीजेपी का दामन थामा। बीजेपी में शामिल होने के बाद बिट्टू सिंह ने कहा, 'मैं अब बीजेपी नहीं छोड़ूंगा। मैं यहीं रहूंगा और यहीं मरूंगा।' वहीं, गोपाल सिंह ने जन सुराज और उसके संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा,

'वहां कोई विजन नहीं है। एक अहंकारी व्यक्ति संगठन नहीं चला सकता।'

उन्होंने बीजेपी को मजबूत संगठन बताते हुए पूरी निष्ठा के साथ काम करने का संकल्प भी जताया।

नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी सीट

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर जन सुराज के कई नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली है। वहीं, बिहार बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का बीजेपी में शामिल होना समृद्ध बिहार और विकसित भारत के लिए एनडीए सरकार के संकल्प पर जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत किया। बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के 4 बार विधायक रहे नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इसी कारण इस सीट पर 30 जुलाई को उपचुनाव कराया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: प्रशांत किशोर कितनी संपत्ति के मालिक हैं? बांकीपुर उपचुनाव के लिए दाखिल शपथपत्र में दी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।