1. Hindi News
  2. बिहार
  3. "प्रशांत किशोर खुद बड़े घोटालेबाज हैं", बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार का पलटवार, जानें क्या कहा

"प्रशांत किशोर खुद बड़े घोटालेबाज हैं", बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार का पलटवार, जानें क्या कहा

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 20, 2025 02:25 pm IST,  Updated : Sep 20, 2025 02:25 pm IST

बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि प्रशांत किशोर खुद बड़े घोटालेबाज हैं। जन सुराज जैसी पार्टी, जो बिहार में बदलाव की बात करती है, खुद फर्जीवाड़े में लिप्त है।

Neeraj Kumar,- India TV Hindi
बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने पीके पर साधा निशाना Image Source : REPORTER INPUT

पटना: बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की फंडिंग में भारी गड़बड़ी है। खुद प्रशांत किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्वीकार किया कि आंध्र प्रदेश के सांसद अयोध्या रामी रेड्डी से उन्हें 14 करोड़ रुपये का चंदा मिला,  अयोध्या रानी रेड्डी इस देश के सबसे धनी सांसद हैं और उन पर दर्जनों वित्तीय हेराफेरी के आरोप हैं।"

नीरज कुमार ने और क्या कहा?

उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग को दी गई रिपोर्ट में जन सुराज पार्टी के खाते में केवल 2 करोड़ 42 लाख रुपये की आय दिखाई गई है, और खर्च महज 35 हजार रुपये। यह स्पष्ट रूप से धन की हेराफेरी और पारदर्शिता की कमी का मामला है।"

उन्होंने कहा, "क्या यह पैसा प्रशांत किशोर के निजी खाते में गया? या यह एक बड़ा घोटाला है? जन सुराज जैसी पार्टी, जो बिहार में बदलाव की बात करती है, खुद फर्जीवाड़े में लिप्त है – 200 गाड़ियां, फाइव-स्टार टेंट, जिला स्तर पर कर्मचारी, लेकिन खर्च सिर्फ 35 हजार? यह बिहार की जनता के साथ धोखा है।"

प्रशांत किशोर ने NDA के चार बड़े नेताओं के खिलाफ लगाया था भ्रष्टाचार का आरोप

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने NDA के चार बड़े नेताओं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री अशोक चौधरी और भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर आरोप लगाया था कि वह भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल हैं। 

प्रशांत किशोर ने मंत्री मंगल पांडेय पर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी उर्मिला पांडेय के बैंक अकाउंट में साल 2019 और 2020 में दो करोड़ 12 लाख रुपया जमा हुआ है। इसका कोई प्रमाण नहीं है कि यह रुपया कहां से आया?

प्रशांत किशोर ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को नाम बदलने का विशेषज्ञ बताया और बताया कि इनका नाम राकेश कुमार था जो बाद में राकेश कुमार उर्फ सम्राट चौधरी है।साल 1998 में कांग्रेस नेता सदानंद सिंह की बम मारकर हत्या करने का आरोप है।

पीके ने JDU नेता अशोक चौधरी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के दाहिने हाथ अशोक चौधरी बिहार के भ्रष्टतम नेता हैं, 2021 में अपने PA के नाम पर पटना के बिक्रम में 23 कट्ठा बेनामी जमीन खरीदकर अपनी बेटी के नाम करवाया।

प्रशांत किशोर ने संजय जायसवाल पर आरोप लगाया कि संजय जायसवाल ने 10 सालों तक अपने पेट्रोल पंप के कारण फ्लाईओवर नहीं बनने दिया, फर्जी बिल और नगर निगम की गाड़ियों की बिल के नाम पर पेट्रोल चोरी और भ्रष्टाचार किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।