पटना: सिंगापुर से लौटीं राजद नेता लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इंडिया टीवी को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। रोहिणी ने इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में एनडीए द्वारा महागठबंधन पर किए जा रहे हमलों, तेज प्रताप यादव की चुनावी लड़ाई, महागठबंधन में खींचतान की खबरों और संजय यादव से नाराजगी जैसे सवालों पर खुलकर जवाब दिया।
Related Stories
'तेजस्वी के नेतृत्व में सरकार बनेगी'
रोहिणी आचार्य ने कहा, 'बिहार की जनता प्रधानमंत्री के झूठे वादों से थक चुकी है। अब रोजगार की बात होगी। तेजस्वी की युवा सरकार आएगी। 14 तारीख के बाद हमारे जितने भाई बेरोजगार हैं, उनको रोजगार मिलेगा। जीविका दीदियों को सरकारी दर्जा मिलेगा। मां-बहन और बुजुर्गों को सम्मान देने वाली सरकार बनेगी। तेजस्वी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। तेजस्वी ने पहले करके दिखाया था, आगे भी करेंगे।'
'तेज प्रताप को मेरा आशीर्वाद है'
तेज प्रताप यादव की चुनावी लड़ाई पर रोहिणी ने कहा, 'तेजप्रताप को मेरा आशीर्वाद है। मेरी जितनी भी छोटी बहनें हैं, उन सबको मेरा आशीर्वाद है। मैं आरजेडी से हूं, जहां-जहां बुलाया जाएगा, वहां-वहां प्रचार के लिए जाऊंगी।' वहीं, महागठबंधन में सीटों को लेकर आई खींचतान की खबरों पर रोहिणी ने साफ किया, 'कांग्रेस के साथ सीटों पर कोई खींचतान नहीं हुई है। देरी तो हर पार्टी में हुई है।'
संजय से नाराजगी पर भी बोलीं
RJD नेता संजय यादव से नाराजगी के सवाल पर रोहिणी ने कहा, 'किससे नाराजगी है? सोशल मीडिया पर चर्चा तो फालतू की बातों पर ज्यादा होती है। कैसे रोजगार मिलेगा, कैसे सुंदर बिहार बनेगा, इस पर चर्चा नहीं होती। कोई नाराजगी नहीं है।' बता दें कि बिहार विधानसभा चुनावों के तहत 6 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान होगा जबकि 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। बिहार की सत्ता पर काबिज होने की लड़ाई में मुख्य मुकाबला NDA और महागठबंधन के बीच माना जा रहा है, जबकि जनसुराज के जरिए प्रशांत किशोर तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
यहां देखें रोहिणी आचार्य के साथ इंडिया टीवी का पूरा एक्सक्लूसिव इंटरव्यू