बिहार: भागलपुर में चोरों ने बड़ा कारनामा किया है। चोरोनों ने जदयू सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय में ही चोरी कर ली। चोरों ने सांसद की ऑफिस को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है और सीसीटीवी की डीवीआर समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी उठाकर ले गए। ये पूरा मामला तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित भागलपुर सांसद अजय मंडल के कार्यालय का है जहां चोर ताला तोड़कर अंदर घुस गए और कई महत्वपूर्ण सामान लेकर फरार हो गए।
सांसद के ऑफिस में चोरी, क्या क्या ले गए चोर
सांसद कार्यालय के सचिव गौरव कुमार ने बताया कि रविवार होने के कारण सांसद का कार्यालय बंद था। जब सोमवार की सुबह वे कार्यालय पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर देखा कि कार्यालय में रखी आलमारी, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कंप्यूटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब थे। कार्यालय का सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था।
बॉडीगार्ड की पिस्टल भी चुरा ले गए चोर
सांसद की ओर से दी गई घटना की शिकायत में कहा गया है कि चोर कार्यालय के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने उनके बॉडीगार्ड की पिस्टल भी चुरा ले गए। सांसद के कार्यालय से कई सामान गायब हैं। सांसद अजय मंडल जब भागलपुर में होते हैं, तब यही दफ्तर उनका ठिकाना होता है, नहीं तो यह दफ्तर कम आवास बंद ही रहता है।
पुलिस कर रही छानबीन
घटना की जानकारी तत्काल तिलकामांझी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरी की इस वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों की जानकारी जुटा रही है। सांसद कार्यालय में हुई चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच की जा रही है कि चोरों ने क्या क्या महत्वपूर्ण दस्तावेज चुराए हैं।
(भागलपुर से अमरजीत की रिपोर्ट)