बिहार के अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या 14 में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धान की रोपनी के लिए खेत जा रहे महिला मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रॉली पर सवार तीन महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर का ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही भरगामा थानाध्यक्ष समेत पुलिस अधिकारी और बल मौके पर पहुंचकर मामले की तफ्तीश में जुट गए हैं।
दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रैक्टर पलटने के बाद सभी मजदूर उसके नीचे दब गए थे, जिन्हें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को तुरंत भरगामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज भरगामा पीएचसी और अररिया सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान सिरसियाकला वार्ड संख्या 4 निवासी और बबलू मंडल की पत्नी मीरा देवी , कारी मंडल की पत्नी नैया देवी और किशोर मंडल की पत्नी रंजू देवी के रूप में हुई है। सभी महिला मजदूर धान की रोपनी के लिए ट्रैक्टर से खेत जा रही थीं।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद फारबिसगंज एसडीपीओ राजकिशोर प्रसाद, भरगामा थानाध्यक्ष और पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ ने तीन महिला मजदूरों की मौत और एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। अररिया ट्रैफिक डीएसपी तरुण कुमार पांडे ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह कुछ महीने पहले बिहार के नवादा जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर सीधा घर में घुसा गया था हालांकि इस दौरान लोग बाल-बाल बच गए थे।
अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
कल किया डबल मर्डर, आज एनकाउंटर में घायल, तेजस्वी यादव के चुनावी क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई