नई दिल्ली: विश्व स्वर्ण परिषद WGC ने आज कहा कि कीमतों में गिरावट के कारण भारत में सोने की मांग बढ़ी है। भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है। WGC ने एक रिपोर्ट में कहा है कि सोने के दाम में भारत में 3.2 प्रतिशत, चीन में 3.6 प्रतिशत व तुर्की में 1.2 प्रतिशत की गिरावट आई है।
क्या अब है खरीददारी का सही मौका
केडिया कमोडिटी के प्रमुख अजय केडिया के मुताबिक आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में गिरावट जारी रह सकती है। केडिया के मुताबिक दिवाली से पहले सोना 24000 रुपए के स्तर तक पहुंच सकता है। ऐसे में अगर भारी गिरावट के बाद बाजार में कुछ खरीददारी देखने को मिलती भी है तो ग्राहकों को परहेज करना चाहिए। आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में गिरावट आने के बाद सोना खरीदने का एक अच्छा मौका मिल सकता है।
सर्राफा बाजार में भी गिरावट के आसार
पी सी ज्वैलर्स के एमडी बलराम गर्ग ने खबर इंडियाटीवी से खास बातचीत में बताया की सोने की कीमतों में गिरावट का रुझान आने वाले दिनों में जारी रह सकता है। फिलहाल सोने की कीमतों में किसी भी तरह की तेजी की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में सोने की खरीदारी करने के लिए ग्राहकों को थोड़ा इंतजार करना चाहिए।