चरित्र पर शक को लेकर अक्सर बड़े-बड़े रिश्ते पल भर में बिखर जाते हैं। ऐसा ही एक मामला छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसने शादी के 3 महीने बाद ही अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। फरवरी में दोनों की शादी हुई थी और आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। घटना के बाद परिवार सदमे में है।
गुस्से में आकर उठाया खौफनाक कदम
चरित्र शंका ने पति को इतना अंधा कर दिया कि गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले हथियार से पत्नी का गला रेत दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नगरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटपारा इलाके में मीनाक्षी पटेल की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति धनेश्वर पटेल (26) को गिरफ्तार कर लिया है। नगरी थाना के प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि मंगलवार को घटना की सूचना मिलने पर वहां पहुंची पुलिस टीम ने घर के एक कमरे से मीनाक्षी का शव बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में मीनाक्षी के पति धनेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी के बाद ही पत्नी पर करता था शक
प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि मीनाक्षी और धनेश्वर का विवाह तीन माह पहले ही हुआ था। विवाह के बाद से ही धनेश्वर मीनाक्षी के चरित्र पर संदेह करता था। इसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था। ताम्रकार ने बताया कि मंगलवार की सुबह जब घर में धनेश्वर के माता-पिता नहीं थे, तब धनेश्वर और मीनाक्षी के बीच विवाद हुआ और धनेश्वर ने मीनाक्षी की गला रेत दिया। खून से लथपथ मिनाक्षी जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद धनेश्वर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी जब पड़ोसियों को मिली तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
राजा रघुवंशी मर्डर केस: पिता का बड़ा खुलासा, 'शादी के बाद भी सोनम और राजा के नहीं बने थे संबंध'