दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां पटाखों को लेकर हुए झगड़े में 2 युवकों ने 60 साल के एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी। गणेश बैरागी नाम के बुजुर्ग ने पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद के दौरान बीच-बचाव की कोशिश की थी। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात सोमवार रात भिलाई के छावनी थाना इलाके में हुई।
Related Stories
बहू का पीछा करते हुए घर में घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गणेश बैरागी के घर के सामने संजय और शुभम नाम के दो युवक पटाखे फोड़ रहे थे। इस बात पर गणेश की बहू ने एतराज जताया। बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों युवकों ने गुस्से में आकर बहू का पीछा किया और उनके घर में घुस गए। उस वक्त गणेश अपने परिवार के साथ खाना खा रहे थे। जब गणेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और दोनों को समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद शुभम ने गणेश का हाथ पकड़ा और संजय ने चाकू से उनके सीने और पेट पर कई बार वार किए।
गणेश के ही मुहल्ले के रहने वाले थे आरोपी
हमले में बुरी तरह घायल गणेश को परिवार वाले तुरंत सुपेला के एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी, जो उसी मोहल्ले के रहने वाले हैं, घटना के बाद फरार हो गए थे। गणेश की बहू की शिकायत के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने संजय और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि पटाखे फोड़ने जैसी छोटी बात पर इतना बड़ा कांड हो गया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और हत्या के दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। (PTI)