1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. 2 दिन के छत्तीसगढ़ के दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानें क्या है पूरा कार्यक्रम

2 दिन के छत्तीसगढ़ के दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, जानें क्या है पूरा कार्यक्रम

 Published : Aug 30, 2023 09:48 pm IST,  Updated : Aug 30, 2023 09:48 pm IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से 2 दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी जहां वह रायपुर और बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

Droupadi Murmu in chattisgarh, draupadi murmu, chhattisgarh news- India TV Hindi
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू। Image Source : FILE

रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू छत्तीसगढ़ के दो दिन के दौरे पर जाने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति अपने छत्तीसगढ़ प्रवास पर गुरुवार को रायपुर पहुंचेंगी। अधिकारियों द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, वह इस दौरान रायपुर और बिलासपुर शहरों में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी जिसमें रायपुर के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू छत्तीसगढ़ के अपने पहले प्रवास पर दो दिन के लिए 31 अगस्त को रायपुर आ रही हैं। बता दें कि यह राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू का पहला छत्तीसगढ़ दौरा है।

सबसे पहले जगन्नाथ मंदिर में करेंगी दर्शन

अधिकारियों ने राष्ट्रपति के दौरे का पूरा ब्योरा देते हुए बताया, ‘राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11.05 बजे विशेष विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुचेंगी। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद सुबह 11.35 बजे वह शहर के जगन्नाथ मंदिर में दर्शन और आरती कार्यक्रम में शामिल होंगी तथा बाद में वह 12.10 बजे विधानसभा मार्ग में स्थित ब्रम्हकुमारी संस्थान के शांति सरोवर रिट्रीट सेंटर में 'सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष' कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी।’ अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति दोपहर बाद शहर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय का भ्रमण करेंगी।

राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी राष्ट्रपति
अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति का रात्रि विश्राम राजभवन में होगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दूसरे दिन एक सितंबर को सुबह 9.15 बजे बिलासपुर रवाना होंगी जहां वह गुरू घासीदास विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद बिलासपुर से लौटकर राष्ट्रपति रायपुर स्थित राजभवन में जनजातीय समूहों के साथ चर्चा करेंगी। यहां से 4 बजकर 45 मिनट पर द्रौपदी मुर्मू एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और 6 बजकर 15 मिनट पर विशेष विमान द्वारा दिल्ली वापसी के लिए उड़ान भरेंगी। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति के रायपुर और बिलासपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।