1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह आज, PM मोदी और अमित शाह सहित इन राज्यों के CM भी होंगे शामिल

विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह आज, PM मोदी और अमित शाह सहित इन राज्यों के CM भी होंगे शामिल

 Reported By: Ruchi Kumar Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 12, 2023 09:29 pm IST,  Updated : Dec 13, 2023 12:00 am IST

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब विष्णु देव साय आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और अमित शाह सहित कई राज्यों के सीएम भी शामिल होंगे। इसके साथ ही कई केंद्रीय मंत्रियों को भी शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है।

विष्णु देव साय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी।- India TV Hindi
विष्णु देव साय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी। Image Source : VISHNU DEO SAI/FACEBOOK

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय को सीएम बनाने का ऐलान कर दिया है। विष्णु देव साय कनकुरी सीट से विधायक हैं। वहीं आज यानी 13 दिसंबर को विष्णु देव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे। विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। इसे लेकर पुलिस परेड ग्राउंड में तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। बीजेपी की पहली सरकार ने भी पुलिस परेड ग्राउंड में शपथ दिलाई गई थी। बता दें कि विधायक दल की बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के नाम पर नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई थी। विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी

विष्णु देव साय के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए जिन लोगों को बुलाया गया है, उनके नाम भी सामने आ गए हैं। उनके इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख माण्डविया, केंद्रीय राज्यमंत्री बिसेश्वर तुडू को भी बुलाया गया है। इसके अलावा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ और छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही विष्णु देव साय ने बीजेपी के सभी जिलाध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ अध्यक्षों को भी शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर बुलाया है।

मंत्री पद के लिए इन नेताओं के नाम आगे

बता दें कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के साथ 12 मंत्री भी शपथ ग्रहण कर सकते हैं। उनके साथ दो उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी शपथ लेंगे। कहा यह भी जा रहा है कि कई और मंत्री भी आज शपथ ले सकते हैं। इनमें ओपी चौधरी, रेणुका सिंह, गोमती साय, लता उसेंडी, ब्रजमोहन अग्रवाल, राम विचार नेताम, केदार कश्यप, धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और राजेश मूणत को मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि जिस तरह भजन लाल शर्मा को राजस्थान का और मोहन यादव को मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री घोषित किया गया है, उसके बाद कहा जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय के मंत्रिमण्डल में कई सरप्राइज हो सकते हैं। माना यह भी जा रहा है कि विष्णु देव साय के मंत्रिमंडल में कई नए नाम भी शामिल किए जा सकते हैं। बता दें कि बीजेपी ने छत्तीसगढ़ की 90 में से 54 सीटों पर जीत दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- 

Video: विष्णुदेव साय के सीएम बनने पर खुशी से झूम उठीं पत्नी कौशल्या, लोकगीत पर सखियों संग किया नृत्य

छत्तीसगढ़ के CM विष्णु देव साय देते हैं पथरी की अचूक दवा, पिता की मौत के बाद छोड़नी पड़ी थी पढ़ाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।