1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. सिक्किम में बचाए गए असम के 42 बच्चे, 2 गिरफ्तार, सीएम ने कहा- खत्म करेंगे बुराई

सिक्किम में बचाए गए असम के 42 बच्चे, 2 गिरफ्तार, सीएम ने कहा- खत्म करेंगे बुराई

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 23, 2021 11:04 pm IST,  Updated : Jul 23, 2021 11:04 pm IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि प्रदेश के कुल 42 बच्चों को सिक्किम में मुक्त कराकर शुक्रवार को वापस राज्य में लाया गया।

Children From Assam Rescued In Sikkim, Children Rescued In Sikkim, Himanta Biswa Sarma- India TV Hindi
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि प्रदेश के कुल 42 बच्चों को सिक्किम में मुक्त कराकर शुक्रवार को वापस राज्य में लाया गया। Image Source : PTI

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि प्रदेश के कुल 42 बच्चों को सिक्किम में मुक्त कराकर शुक्रवार को वापस राज्य में लाया गया। सरमा ने बताया कि इन बच्चों के माता-पिता भारत-भूटान सीमा पर चिरांग जिले के 4 गांवों के रहने वाले हैं और 2 व्यक्तियों ने उन्हें बहलाकर आश्वासन दिया था कि इन बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रखा जाएगा लेकिन उनसे घरेलू सहायकों का काम लिया जा रहा था। अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उनमें से एक ने दावा किया कि बीते दो साल में वह राज्य से बाहर 80 बच्चों को ले जा चुके हैं और उनमें से कुछ को दुबई भेज दिया गया। बोडोलैंड प्रांतीय परिषद के प्रमुख प्रमोद बोडो और विशेष डीजीपी एल आर बिश्नोई के निर्देशन में चिरांग पुलिस ने बच्चों की वापसी के लिये यह अभियान शुरू किया था जबकि सिक्किम पुलिस ने इसमें आवश्यक मदद और सहायता उपलब्ध कराई। 9 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के अधिकांश बच्चे आदिवासी और बंगाली हैं, जबकि कुछ कोच राजबोंग्शी और बोडो समुदायों के हैं।

सरमा ने कहा, ‘हम उन अन्य बच्चों का भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिनकी तस्करी की गई थी, और इस तरह का ऑपरेशन जारी रहेगा। तस्करी चिंता का विषय है और हमें इससे निपटने के लिए राज्य की नीति की आवश्यकता होगी। राज्य सरकार असम से मानव तस्करी की बुराइयों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है, और ऐसे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने और अपराध में शामिल लोगों से सख्ती से निपटने के लिए और अधिक अभियान शुरू किए जाएंगे।’ उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों से असम सरकार ने नशीले पदार्थों और मवेशियों की तस्करी पर नकेल कसी है और शुरुआती सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरान अब तक 107 लोगों को बचाया गया है। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।