1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 9वीं क्लास की छात्रा से 6 लोगों ने किया गैंगरेप, आरोपियों में 5 क्लासमेट, मचा हड़कंप

9वीं क्लास की छात्रा से 6 लोगों ने किया गैंगरेप, आरोपियों में 5 क्लासमेट, मचा हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Feb 04, 2026 06:43 am IST,  Updated : Feb 04, 2026 06:43 am IST

ओडिशा के बलांगीर में एक 9वीं क्लास की छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस घटना में 5 आरोपी छात्रा के ही क्लासमेट बताए जा रहे हैं। मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

gangrape- India TV Hindi
छात्रा के साथ गैंगरेप Image Source : FREEPIK

बलांगीर: ओडिशा के बलांगीर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। जिले के तुरेकेला थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात में कथित तौर पर पीड़िता के ही 5 सहपाठी और एक अन्य व्यक्ति शामिल था।

यह खौफनाक वारदात तब सामने आई जब आरोपियों द्वारा बनाया गया इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता के परिवार को इस घटना का पता चला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत न्याय के लिए कदम उठाया।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, इन 6 आरोपियों ने छात्रा को एक सुनसान जगह पर ले जाकर अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने कथित तौर पर लड़की को धमकी भी दी थी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। डर के कारण छात्रा चुप रही, लेकिन आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे फैला दिया।

पीड़िता के पिता और अन्य रिश्तेदारों ने जिले के पुलिस अधीक्षक जी.अभिलाष से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई। एसपी के कड़े निर्देश के बाद तुरेकेला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस संबंध में तुरेकेला थाना केस नंबर 22/26 से मामला दर्ज कर 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 70,77, पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और आईटी एक्ट की धारा 66E के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि पीड़िता को उचित न्याय मिल सके। (इनपुट: ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।