1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पूरी की पूरी ATM ही उखाड़ ले गए चोर, लाल टेंपो में लेकर भागे; CCTV में कैद हुई वारदात

पूरी की पूरी ATM ही उखाड़ ले गए चोर, लाल टेंपो में लेकर भागे; CCTV में कैद हुई वारदात

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jan 02, 2026 02:11 pm IST,  Updated : Jan 02, 2026 02:11 pm IST

जाजपुर में चोरों ने पूरी की पूरी एटीएम ही चोरी कर ली। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों को एटीएम एक लाल टेंपो में ले जाते हुए देखा जा सकता है।

टेंपो से लेकर भागे एटीएम।- India TV Hindi
टेंपो से लेकर भागे एटीएम। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के जाजपुर जिले में एटीएम सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। यहां मैंदा बाजार स्थित HDFC बैंक के एटीएम को बदमाशों ने पूरी तरह तोड़कर उखाड़ लिया और नकदी समेत मशीन को ही मौके से फरार हो गए। यह घटना बिंझारपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात अंजाम दी गई।

टेंपो से लेकर भागे एटीएम

जानकारी के अनुसार, यह वारदात उस वक्त हुई, जब नए साल की छुट्टियों के कारण इलाके में आवाजाही बेहद कम थी। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने एटीएम कियोस्क को निशाना बनाया। बदमाशों ने पहले एटीएम के शीशे और ढांचे को तोड़ा, फिर पूरी मशीन को उखाड़कर बाहर निकाला और उसे एक लाल टेंपो में लादकर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

सुबह जब स्थानीय लोगों ने एटीएम कियोस्क को क्षतिग्रस्त हालत में देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि एटीएम पूरी तरह तोड़ा गया है, मशीन गायब है और चारों तरफ टूटे शीशे व मलबा फैला हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने एटीएम ले जाने के लिए एक टेम्पो का इस्तेमाल किया था।

लावारिस हालत में मिला एटीएम

पुलिस को घटना के करीब एक किलोमीटर दूर से टूटी हुई एटीएम और एक लाल टेंपो लावारिस हालत में मिली है, जिसे इस वारदात में इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा, एक सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाश लाल रंग के टेम्पो में तोड़ी गई एटीएम को ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि एटीएम में मौजूद नकदी की सटीक राशि का अभी पता नहीं चल सका है। बैंक अधिकारी एटीएम के कैश रीप्लेनिशमेंट रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। आमतौर पर ऐसे इलाकों में लगे एटीएम में 5 से 10 लाख रुपये तक नकदी हो सकती है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। टीम फिंगरप्रिंट, औजारों के निशान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि इस वारदात के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है, क्योंकि भारी-भरकम एटीएम को तोड़कर ले जाना आसान काम नहीं है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

ऑटो को 2 किमी तक घसीटता ले गया डंपर, पीछा करते रहे लोग; सामने आया खौफनाक VIDEO

किश्तवाड़ में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग, पांच मकान जलकर खाक; दो घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।