1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. NH-52 पर मिट्टी में दबा मिला शव, तौलिए से बंधे थे आंख और मुंह; सनसनीखेज हत्या से मचा हड़कंप

NH-52 पर मिट्टी में दबा मिला शव, तौलिए से बंधे थे आंख और मुंह; सनसनीखेज हत्या से मचा हड़कंप

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Dec 21, 2025 08:27 pm IST,  Updated : Dec 21, 2025 08:34 pm IST

हाईवे से सटे खेतों के कच्चे रास्ते पर एक युवक का शव मिला। शव मिट्टी में दबा हुआ था, लेकिन दुर्गंध आने के चलते वारदात का खुलासा हो गया।

मिट्टी में दबा मिला शव- India TV Hindi
मिट्टी में दबा मिला शव Image Source : REPORTER

राजस्थान के चूरू जिले में नेशनल हाईवे- 52 पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हाईवे से सटे खेतों के कच्चे रास्ते पर एक युवक का शव मिट्टी में दबा हुआ मिला। हत्यारों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव पर मिट्टी डाल दी थी, लेकिन दुर्गंध आने के चलते वारदात का खुलासा हो गया।

होटल कर्मचारी की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी तब हुई जब हाईवे के पास स्थित एक होटल के कर्मचारी को पास से गुजरते हुए भारी दुर्गंध आई। शक होने पर जब उसने पास जाकर देखा, तो मिट्टी के ढेर से शव का हिस्सा दिखाई दिया। उसने तुरंत इसकी सूचना रतननगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी रामनिवास और डीएसपी सुनील झाझड़िया जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

आंखें-मुंह बंधे, गले में रस्सी का निशान

पुलिस और एफएसएल टीम ने जब शव के ऊपर से मिट्टी हटाई, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर सामने आया। मृतक युवक की आंखें और मुंह तौलिए से मजबूती से बंधे हुए थे। गले पर रस्सी से घोंटने के गहरे निशान मिले, जिससे साफ जाहिर है कि युवक की गला दबाकर बेरहमी से हत्या की गई है। शव करीब 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे वह गलने लगा था।

शव की पहचान करने में जुटी पुलिस

मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के आस-पास आंकी जा रही है। पुलिस को मौके से या शव की तलाशी में ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। चेहरा तौलिए से ढका होने और शव के पुराना होने के कारण फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले को ब्लाइंड मर्डर मानकर तफ्तीश कर रही है।

घटना की सूचना पर डीएसपी सुनील झाझड़िया भी मौके पर पहुंचे और वारदात स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को रतननगर थाना की मोर्चरी में रखवाया है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल, पुलिस घटनास्थल से हर संभव साक्ष्य जुटाकर इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर दिखा अजीब नजारा, कैंटर पलटते मछलियां लूटने की मच गई होड़; हैरान करने वाला VIDEO

CM योगी की सुरक्षा में फिर बड़ी चूक, कार से जैसे ही उतरे सुरक्षा घेरे में घुस गई गाय; फिर.... VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।