1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 4 साल की भांजी को खिलाने के बहाने किराए के कमरे पर ले गया मामा, फिर कार के नीचे मिला शव

4 साल की भांजी को खिलाने के बहाने किराए के कमरे पर ले गया मामा, फिर कार के नीचे मिला शव

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 12, 2026 10:43 am IST,  Updated : Apr 12, 2026 11:32 am IST

आरोपी मामा कुछ खिलाने के बहाने बच्ची को उसके घर से अपने किराए के कमरे में ले गया था। इसके बाद कार के नीचे बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ghaziabad murder- India TV Hindi
आरोपी मामा और मृतक बच्ची Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मामा ने अपनी ही भांजी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को कार के नीचे फेंक दिया और फरार हो गया। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की है, जहां सगे मामा पर भांजी की हत्या का आरोप लगा है। घटना शनिवार रात की है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की पहचान रहनुमा (4 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शमशाद गार्डन पसौंडा की रहने वाली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची को उसका सगा मामा, जमील उर्फ छोटू, घर से बहला-फुसलाकर अपने किराए के कमरे पर ले गया था।

आरोप है कि जमील ने अपने किराए के कमरे में ही बच्ची की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए शालीमार गार्डन इलाके में सड़क किनारे खड़ी एक कार के नीचे फेंक दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि बीकानेर 80 फुटा रोड पर एक कार के नीचे बच्ची का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला पुलिस टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस को बच्ची के गले पर निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बच्ची के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी जमील उर्फ छोटू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हत्या किस प्रकार की गई और क्या बच्ची के साथ कोई अन्य अपराध भी हुआ है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस अधिकारी का बयान

सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दिनांक 11 अप्रैल को रात आठ बजे गश्त के दौरान थाना मोबाइल को सूचना प्राप्त हुई कि बीकानेर 80 फुटा रोड पर सड़क किनारे एक कार के नीचे एक बच्ची का शव पड़ा हुआ है। शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त करायी गयी तो शव की पहचान रहनुमा उम्र 4 वर्ष पुत्री रशीद निवासी 60 फुटा रोड शमशाद गार्डन पसौंडा के रुप में हुई। शुरुआती छानबीन में पता चला कि रहनुमा को उसका सगा मामा जमील उर्फ छोटू उसके घर से खिलाने के लिए ले गया था, जहां उसकी हत्या कर शव को छिपाने के लिए शालीमार गार्डन में डाल दिया था। इस प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना टीला मोड़ पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

(गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

इंस्टाग्राम पोस्ट पर भद्दे कमेंट करता था दोस्त, खंडहर में बुलाकर कर दी हत्या, ईंट से कुचला

10 लाख दहेज की मांग न पूरी होने पर पति बना दरिंदा, गर्भवती पत्नी के पेट पर मारी लात, 2 गर्भस्थ शिशुओं की मौत

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।