1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. किशोरी को बहला-फुसलाकर बिहार लाई युवती, इंस्टाग्राम पर 4 साल पहले हुई थी दोस्ती, अब...

किशोरी को बहला-फुसलाकर बिहार लाई युवती, इंस्टाग्राम पर 4 साल पहले हुई थी दोस्ती, अब...

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 22, 2023 12:52 pm IST,  Updated : Mar 22, 2023 12:55 pm IST

महिला पुलिस कर्मियों सहित पुलिस की एक टीम बिहार भेजी गई। बिहार पुलिस के सहयोग से रोहतास जिले के तुम्बा में जोवा उर्फ तबस्सुम के कब्जे से अगवा किशोरी को बरामद कर दोनों को बहराइच लाया गया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

उत्तर प्रदेश के बहराइच के विशेश्वरगंज की रहने वाली एक किशोरी को इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में बिहार की निवासी एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि बिहार के रोहतास जिले के तुम्बा इलाके की निवासी 20 वर्षीय जोवा उर्फ तबस्सुम फातिमा ने सोशल मीडिया एप्लीकेशन इंस्टाग्राम के जरिए विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के गंगवल की रहने वाली 16 साल की एक लड़की से करीब चार साल पहले मित्रता की थी। बाद में वह उसे अपनी सबसे अच्छी दोस्त कहने लगी। कुछ दिन पहले तबस्सुम किशोरी के गांव पहुंची और उसे बहला फुसलाकर अपने साथ बिहार ले गई। 

अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज 

सूत्रों ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गत 16 मार्च को अपहरण के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। अपहृता व कथित अपहरणकर्ता एक ही समुदाय की हैं। उन्होंने बताया कि महिला पुलिस कर्मियों सहित पुलिस की एक टीम बिहार भेजी गई। बिहार पुलिस के सहयोग से रोहतास जिले के तुम्बा में जोवा उर्फ तबस्सुम के कब्जे से अगवा किशोरी को बरामद कर दोनों को बहराइच लाया गया। 

लड़की को परिजन के हवाले किया गया

मंगलवार को आरोपी युवती को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं, अगवा की गई लड़की की मेडिकल टेस्ट कराकर उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, तबस्सुम ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि घूमने-फिरने के मकसद से लड़की ने ही उसे फोन करके बिहार से बहराइच बुलाया था और वह दोस्ती के नाते वह उसे घुमाने के लिए अपने साथ ले गई थी। उन्होंने कहा कि पहली नजर में यह मानव तस्करी जैसा मामला नहीं लग रहा है, फिर भी पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से तहकीकात कर रही है।

यह भी पढ़ें-

विवाद के बीच आज पेश होगा दिल्ली का बजट, कैलाश गहलोत विधानसभा में देंगे केजरीवाल सरकार का हिसाब

Delhi: रोहिणी जेल में जूस के पैकेट देख पुलिसवालों को हुआ शक, खोलकर देखा तो दंग रह गए

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।