यूपी के ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में थार वाहन के नहर में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला का शव पुलिस चेकपोस्ट से कुछ ही दूरी पर बरामद हुआ। घटनास्थल से थोड़ी दूर महिला के पति की थार गाड़ी भी नहर में डूबी मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
नोएडा पुलिस ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम भट्टा पुलिया के पास रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EF4073 की एक थार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई है। सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसी घायल महिला को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पति बोला- गहरे पानी में डूबने से रीना की मौत
थार में मोहित पुत्र घनेन्द्र, निवासी ग्राम भट्टा, अपनी पत्नी रीना (31 वर्ष) के साथ गांव भट्टा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी थार अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में रीना की मौत हो गई। मोहित के अनुसार, वह किसी तरह गाड़ी से बाहर निकल आया लेकिन रीना गहरे पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

नोएडा पुलिस के मीडिया सेल ने बताया कि मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
मृतका का भाई ने क्या आरोप लगाया?
वहीं, बुलंदशहर जिले के खारोल गांव निवासी मृतका के भाई सोनू शर्मा ने इसे हादसा मानने से इनकार किया है। उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन रीना को डुबोकर मार गया है। सोनू ने बताया कि रीना की शादी भट्टा गांव निवासी मोहित से करीब 6 साल पहले हुई थी। दंपति का एक 5 साल का बेटा भी है। सोनू ने आरोप लगाया कि पिछले 15 दिनों से रीना का पति लगातार तलाक की मांग कर रहा था। हालांकि, जब वह ससुराल पक्ष से बात करते थे, तो परिवार के लोग सब कुछ सामान्य बताते थे। भाई ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एक अन्य मामले में ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में शनिवार शाम को एक छह वर्षीय बच्चे की 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। यह गड्ढा प्राधिकरण द्वारा बोरिंग के लिए खोदा गया था और बारिश के पानी से भरा हुआ था।
(रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)
यह भी पढ़ें-