1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. काम नहीं आई फैसल की स्मार्टनेस! रोबोट टॉय में छिपाकर ले जा रहा था ड्रग्स, पुलिस ने पकड़ा

काम नहीं आई फैसल की स्मार्टनेस! रोबोट टॉय में छिपाकर ले जा रहा था ड्रग्स, पुलिस ने पकड़ा

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 27, 2026 04:59 pm IST,  Updated : Aug 27, 2026 04:59 pm IST

केरल के कन्नूर में पुलिस ने 33 साल के ए. फैसल को रोबोट खिलौने के अंदर छिपाकर 20.5 ग्राम MDMA की कथित तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि पार्सल बेंगलुरु से आया था। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Kannur Drug Smuggling, MDMA Hidden in Robot Toy, Kerala Drug Bust- India TV Hindi
पुलिस ने आरोपी फैसल को गिरफ्तार कर लिया है। Image Source : ANI

Highlights

  • केरल के कन्नूर में रोबोट खिलौने के अंदर छिपाकर रखी 20.5 ग्राम MDMA बरामद हुई।
  • पुलिस ने 33 साल के फैसल को गिरफ्तार किया, बेंगलुरु से पार्सल आने की बात सामने आई।
  • ओणम से पहले केरल में ड्रग तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।

कन्नूर: केरल के कन्नूर में पुलिस ने 33 साल के एक शख्स को कथित तौर पर रोबोट खिलौने के अंदर छिपाकर MDMA की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 20.5 ग्राम MDMA बरामद होने का दावा किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ए. फैसल के रूप में हुई है। वह पिनाराई के पुथेनकंदम का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद कन्नूर टाउन पुलिस और डिस्ट्रिक्ट एंटी-नारकोटिक स्पेशल एक्शन फोर्स की टीम ने फैसल को पकड़ा। अधिकारियों ने इस कार्रवाई को 'हाइली स्किल्ड ऑपरेशन' बताया है। बता दें कि ओणम से पहले केरल में नशीले पदार्थों की आवाजाही और सप्लाई पर निगरानी बढ़ाई जा रही है।

बेंगलुरु से भेजा गया था ड्रग्स का पार्सल

शुरुआती पूछताछ में फैसल ने पुलिस को बताया कि कथित तौर पर ड्रग्स का पार्सल बेंगलुरु से भेजा गया था। यह कार्रवाई कन्नूर सिटी के पुलिस कमिश्नर बी.वी. विजया भारत रेड्डी के निर्देश पर की गई। टीम का नेतृत्व SI उन्नीकृष्णन पी. ने किया। टीम में SCPO बिजू, CPO जिशांत और रसीम के अलावा DANSAF के सदस्य शामिल थे। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि पार्सल कहां से भेजा गया था और इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। बता दें कि ड्रग्स तस्कर स्मगलिंग के लिए तरह-तरह के तरीके निकालते रहते हैं। कुछ महीने पहले एक मामला सामने आया था जिसमें केलों के बीच छिपाकर गांजे की तस्करी हो रही थी।

पिछले हफ्ते पालक्कड़ में भी बड़ी कार्रवाई

बता दें कि इससे पहले पिछले हफ्ते पालक्कड़ नॉर्थ पुलिस और DANSAF की संयुक्त टीम ने ओलावक्कोड जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए थे। इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई नशे की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ओणम स्पेशल ड्राइव के तहत की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोट्टायम निवासी मुहम्मद निसिल और कर्नाटक निवासी मुहम्मद अजहरुद्दीन और उनकी पत्नी बी. फातिमा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1 किलो MDMA बरामद किया था। इसके अलावा कोकीन, ब्राउन शुगर, LSD स्टांप और हाइब्रिड गांजा भी जब्त किया गया था। (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: पुलिस को चकमा देने के लिए चावल में छिपाया गांजा, प्रेशर कुकर की सीटी ने खोल दी पोल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।