कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां एक फोन को लेकर हुए विवाद के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों भाई अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहते थे। उनकी मां छोटी सी दुकान चलाती थी। घटना के समय मां दुकान पर थी और दोनों भाइयों के बीच मोबाइल फोन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस ने बताया कि दोनों भाई नशे के आदी थे। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
चाकू गोदकर की भाई की हत्या
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यहां मोबाइल फोन को लेकर एक 40 वर्षीय व्यक्ति की उसके छोटे भाई ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान आदिवाप्पा के तौर पर हुई है, जबकि आरोपी उसका 36 वर्षीय भाई राजू है। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार देर रात मंगलुरु में कोट्टारा क्रॉस के पास हुई। पुलिस ने बताया कि बेलगावी जिले के बैलहोंगल के रहने वाले दोनों भाई कोट्टारा क्रॉस के पास एक किराए के मकान में रहते थे। उनके साथ उनकी मां भी रहती थी। जानकारी के मुताबिक उनकी मां सड़क किनारे एक छोटी सी दुकान चलाती थीं, जबकि दोनों भाई दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करते थे।
मोबाइल फोन को लेकर हुआ विवाद
पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को शराब की लत थी। इसी क्रम में रविवार रात 10.30 बजे से 11 बजे के बीच मोबाइल फोन को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। थोड़ी ही देर में दोनों के बीच मारपीट होने लगी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लड़ाई के दौरान राजू ने कथित तौर पर आदिवाप्पा पर चाकू से हमला किया। इस दौरान उनकी मां दुकान पर थी। दोनों की मां जब दुकान बंद करके घर लौटी तो उन्होंने आदिवाप्पा को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आनन-फानन में आदिवाप्पा को वेनलॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के जानकारी मिलने के बाद उरवा पुलिस स्टेशन के कर्मचारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम आगे की जांच कर रही है। (इनपुट- पीटीआई)
यह भी पढ़ें-
लोहे की ग्रिल पर गिरी फूल तोड़ने गई बच्ची, हाथ में घुस गया सरिया, AIIMS में हुई सर्जरी